नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, और इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। फिल्म का क्रेज दर्शकों में इस कदर बढ़ चुका है कि लोग टिकट खरीदने के लिए रैली जैसी स्थिति में निकल पड़े हैं। फैंस का दीवानगी का एक और उदाहरण सामने आया, जब एक फैन ने सनी देओल के पोस्टर पर दूध चढ़ाया।
फिल्म के पोस्टर पर दूध चढ़ाया
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के शानदार स्वागत के साथ, सनी देओल के फैंस एक कदम आगे बढ़ते हुए फिल्म के पोस्टर पर दूध चढ़ाते नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में, फैन को सनी देओल के पोस्टर पर फूल माला चढ़ाने के बाद दूध से नहलाते देखा जा सकता है।
अलग-अलग अंदाज में पहुंचे दर्शक
दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जोश और उत्साह की कोई कमी नहीं है। कुछ फैंस तो सनी देओल के लुक में फिल्म देखने पहुंच रहे हैं, तो कुछ खुशी के मारे डांस करते दिखाई दे रहे हैं। एक फैन तो सिनेमाघर तक तोप की प्रतिकृति लेकर पहुंचा, जबकि कुछ लोग तिरंगा लेकर फिल्म का जश्न मना रहे थे।
ट्रैक्टर पर पोस्टर, रैली जैसा नजारा
सनी देओल के फैंस फिल्म के पोस्टरों को ट्रैक्टर पर लगाकर टिकट बुक करने सिनेमाघर पहुंच रहे हैं। यह दृश्य कुछ इस तरह का प्रतीत हो रहा है जैसे राजनीतिक रैलियों में ट्रैक्टरों का जत्था निकलता हो। बड़ों से लेकर बच्चों तक, हर उम्र के लोग इस फिल्म के प्रति अपना प्यार और समर्थन दिखा रहे हैं।
‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार स्वागत
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन शुरुआत की है। ओपनिंग डे पर फिल्म ने 30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो कि पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ के पहले दिन के कलेक्शन 28 करोड़ रुपये से कहीं अधिक है। फिल्म के इस शानदार प्रदर्शन से यह साफ हो गया है कि दर्शक इसे लेकर खासे उत्साहित हैं।

