नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। सोशल मीडिया पर इन दिनों यह खबर फैल रही थी कि कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता फराह खान और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। बताया जा रहा था कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी। हालांकि, फराह खान ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी।
‘हम एक-दूसरे को फॉलो नहीं कर रहे थे’
हाल ही में फराह खान एक बातचीत में शामिल हुई। यहां उन्होंने दीपिका पादुकोण को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने वाली खबर पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में हम एक-दूसरे को फॉलो नहीं कर रहे थे। ‘हैप्पी न्यू ईयर’ फिल्म की शूटिंग के दौरान हमने तय किया था कि हम इंस्टाग्राम पर बातचीत नहीं करेंगे। सिर्फ सीधे मैसेज और कॉल पर बात करेंगे। हम इंस्टा पर एक-दूसरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी नहीं देते, क्योंकि दीपिका को यह पसंद नहीं है।’
फिल्म निर्माता फराह खान ने कहा
फिल्म निर्माता फराह खान ने आगे बात करते हुए दीपिका के 8 घंटे काम करने वाली अपनी टिप्पणी पर भी विचार प्रकट किए। उन्होंने कहा, ‘हां, मेरी 8 घंटे वाली टिप्पणी कोई कटाक्ष नहीं थी, बल्कि कुक दिलीप को यह कहने के लिए थी कि अब वह भी 8 घंटे काम करेंगे, जबकि असल में वह सिर्फ 2 घंटे काम करते हैं।’
यह नया चलन बंद होना चाहिए
फराह खान ने आगे कहा, ‘किसी भी चीज को फर्जी विवाद में बदलने का यह नया चलन बंद होना चाहिए। पिछले हफ्त कहा गया कि करण जौहर और मैंने आयुष शर्मा को रेड कार्पेट पर नजरअंदाज कर दिया, जबकि असल में हम ऊपर आने से पहले नीचे ही उनसे मिले थे।’
दीपिका और फराह का करियर
दीपिका ने शाहरुख खान के साथ फराह खान द्वारा निर्देशित ‘ओम शांति ओम’ से ही अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वो फराह की ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में भी शाहरुख के साथ काम कर चुकी हैं। दीपिका इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसमें वो एक बार फिर शाहरुख खान के साथ नजर आएंगी।

