- थाने में हुयी बैठक में लिखित में समस्याएं देने को कहा
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: एसडीएम ने स्थानीय थाना कोतवाली में क्षेत्र के किसानों की बैठक ली। किसानों की ओर से विभिन्न समस्याएं रखे जाने पर एसडीएम ने उन्हें लिखित में समस्याएं देने को कहा।
सोमवार को एसडीएम नजीबाबाद बृजेश कुमार सिंह ने स्थानीय थाना कोतवाली परिसर में क्षेत्रीय किसानों की बैठक लेकर समस्याएं सुनी। जिसमें किसानों ने कहा कि कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्थित धानक्रय केन्द्र पर उनका पूरा धान क्रय नहीं हो पा रहा है। धान की तौल कराने के लिए घंटों किसान परेशान रहते हैं।
अपना धान न तुल पाने पर किसान रात्रि में भी क्रय केन्द्र पर ही पड़े रहते हैं। दूसरी ओर तौल लिपिक बारदाना न होने, धान की प्रजाति में कमी होने, नमी अधिक होने आदि के बहाने बनाकर किसानों को परेशान करता है। किसानों ने तहसील क्षेत्र में दस धान क्रय केन्द्र स्थापित किए जाने की मांग की।
किसानों ने मिलों से उनके गन्ना मूल्य को तुरंत दिलाए जाने तथा गेहूं की फसल के क्रय में आने वाली समस्याओं को भी गिनाया। दूसरी ओर एसडीएम ने किसानों की समस्याओं की समीक्षा कर उन्हें आश्वस्त किया कि दस धान क्रय केन्द्र स्थापित किया जाना संभव नहीं है।
हालांकि पांच क्रय केन्द्रों की स्थापना के लिए जिला प्रशासन को लिखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान अपनी सभी समस्याओं को लिखित में उन्हें दें। जिससे कि उन पर गहनता से विचार कर कार्रवाई करायी जा सके। इस अवसर पर सीओ गजेन्द्र पाल सिंह, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शर्मा तथा किसान सतवंत सिंह, स्वामी सुखदेव, अंग्रेज सिंह, निर्मल सिंह, गज्जन सिंह, छोटेलाल, हरेन्द्र सिंह, हरभजन सिंह, सतेन्द्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।

