जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के धौलाकुआं इलाके में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में वित्त मंत्रालय में उप सचिव नवजोत सिंह की जान चली गई। वे अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ बाइक पर सवार थे, जब एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार एक महिला चला रही थी, जो खुद भी इस हादसे में घायल हो गई। हादसे में कार चालक महिला और उसका पति भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र में दोपहर करीब एक बजे यह दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक बीएमडब्ल्यू कार, जो महिला चला रही थी, सेंट्रल वर्ज से टकराई और अनियंत्रित होकर सामने चल रही बाइक से जा टकराई। टक्कर के बाद बाइक एक बस से जा भिड़ी। बाइक पर सवार नवजोत सिंह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचाया लेकिन जान नहीं बची
हादसे के बाद गगनप्रीत कौर नामक महिला और उसके पति परीक्षित (गुरुग्राम निवासी) ने घायल दंपति को 22 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यू लाइफ अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। संदीप कौर की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी महिला और उसका पति भी अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
दिल्ली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें कार के अनियंत्रित होकर बाइक से टकराने की पुष्टि हुई। बीएमडब्ल्यू और मोटरसाइकिल दोनों को जब्त कर लिया गया है। धारा 281/125B/105/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कार चालक महिला और उसका पति घोड़ों के सामान बनाने का व्यवसाय करते हैं जैसे चमड़े की सीट, काठी, बेल्ट आदि।
मृतक नवजोत सिंह हरिनगर के निवासी
नवजोत सिंह दिल्ली के हरिनगर इलाके में रहते थे और वित्त मंत्रालय में उप सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत से मंत्रालय और परिजनों में शोक की लहर है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया चल रही है।
क्या हैं अगला कदम?
पुलिस फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ नहीं कर पाई है, क्योंकि वह अस्पताल में भर्ती है।
पूरी घटना की तकनीकी और कानूनी जांच जारी है।
क्राइम ब्रांच, एफएसएल टीम, और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस हादसे के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हैं।

