- अनाज, कपड़े सहित घरेलू साकान जलकर हुआ राख
जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: थाना क्षेत्र के एक गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग ने एक गरीब की झोपड़ी को जलाकर राख कर दिया। आग लगने से झोपड़ी में रखा सामान सहित एक दुधारू गाय भी जल गई। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरदारपुर छांयली के अंतर्गत आने वाले मौजा बहेड़ी में रमेश सिंह पुत्र मवासी सिंह व उनके बड़े भाई विजय सिंह पुत्र मवासी सिंह व रमेश सिंह के पुत्र सोनू का मकान बना हुआ है। जहां पर उन्होंने मकान के आगे छप्पर डालकर पशुशाला बना रखी है।
गुरुवार को जब घर के लोग खेत पर काम करने गए थे तथा रमेश सिंह किसी कारण से नगीना गये थे तब घर पर कोई नहीं था। उस समय अचानक झोपड़ी में आग लग गई। अज्ञात कारणों से मकान के आगे पड़े छप्पर में आग लगने से पशुशाला में बंधी दुधारू गाय सहित वहां पर रखा भूसा व घर में रखा अनाज, गर्म कपड़े सहित लाखों रुपए कीमत का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना पर ग्रामीणों द्वारा मौके पर पहुंचकर बामुश्किल आग पर काबू पाया गया। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की ओर से हल्का लेखपाल प्रमोद कुमार व राजस्व निरीक्षक छविराम सिंह मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना करने के उपरांत राजस्व विभाग की टीम द्वारा विभागीय स्तर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही राजस्व विभाग की टीम द्वारा पीड़ित परिवार को अपनी ओर से मदद भी दी गई।

