- कहा, बिजली, पानी, फनीर्चर की व्यवस्था करें सुनिश्चित
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने उप जिलाधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं सचिवों की वर्चुअल बैठक की। उन्होंने चुनाव की संवेदनशीलता के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
वर्चुअल बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मतदान केंद्र पर कोविड-19 का प्रोटोकाल एवं अन्य आवश्यक सुविधा जिसमें पानी, शौचालय, रेंम्प, लाइट, फर्नीचर आदि एवं अन्य सुविधा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वर्चुअल समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा कोविड-19 का एक केस पाए जाने पर 25 मीटर एवं एक से अधिक केस पाए जाने की स्थिति में 50 मीटर का कंटेनमेंट जोन बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा कंटेनमेंट जोन में एक्टिव केस फाइंडिंग, सैनिटाइजेशन सहित निगरानी समितियों को सक्रिय करते हुए निगरानी समितियों का अपेक्षित सहयोग लिए जाने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को 11 से 14 अप्रैल तक चलने वाले विशेष टीका अभियान का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक टीकाकरण हेतु समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करने का अभियान चलाने के निर्देश दिए।
शनिवार एवं रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वर्चुअल समीक्षा के दौरान कहा की दिए गए सभी निर्देशों का सूचिता पूर्ण ढंग से पालन करते हुए चुनाव आयोग की मंशा के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को सकुशल एवं निष्पक्ष रुप से संपन्न कराना है।

