- कोर्ट में विचाराधीन केस फिर भी किया कब्जा
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: स्थानीय नगर पंचायत द्वारा कई वर्ष पूर्व ठेके पर छोड़े गए तालाब से लाखो की मछलियां देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की किचन तक पहुंच गई। मामला कोर्ट में लंबित होने के बावजूद कुछ लोगों ने तालाब की भूमि पर मालिकाना हक बताते हुए तालाब मछलियों से खाली कर दिया। ठेकेदार द्वारा आला अफसरों को घटना से अवगत कराते हुए थाने में दर्जनभर से अधिक लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला खाराकुआ निवासी मिनहाजुद्दीन पुत्र अब्दुल रशीद द्वारा स्थानीय नगर पंचायत से वर्ष 2017 में 6 मई को एक तालाब 10 वर्ष के लिए 39100 रुपए प्रति वर्ष ठेके पर लिया था। इस तालाब में मत्स्य पालन हो रहा था। नगर पंचायत में ठेकेदार के बीच विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
इसके बावजूद शनिवार को दर्जन भर लोगों ने भीड़ एकत्र कर तालाब से लाखों रुपए की मछली बिना अनुमति लिए पकड़ ली। इस दौरान मुफ्त की मछली लूटने के लिए मौके पर हुजूम उमड़ पड़ा। देखते ही देखते तालाब से लाखों की मछलियां भीड़ निकाल ले गई।
बाबू पुत्र भजजू ने बताया कि अभिलेखों में यह भूमि उनके नाम है। वहीं मौके पर मौजूद भाजपा नेता अनुज सैनी ने बताया कि उक्त भूमि कश्यप समाज की पुश्तैनी है। इसके बावजूद कई वर्ष पूर्व तत्कालीन पंचायत अध्यक्ष ने तालाब का ठेका छोड़ दिया था, ठेके की अवधि पूरी हो चुकी है। दूसरी ओर ठेकेदार मिनहाज द्वारा थाने में कई लोगो के खिलाफ मछली चोरी करने की तहरीर दी गई है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट नहीं लिखी है। थाना प्रभारी शिववीर भदोरिया का कहना है कि उनके पास घटना की जानकारी ही नहीं है।

