जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के पर्यावरण, वन, जलवायु परिवर्तन एवं जन्तु उद्यान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. अरुण कुमार सक्सेना के निर्देश पर जनपद सुल्तानपुर वन प्रभाग के इकाई अधिकारी हरिप्रसाद तिवारी अधिष्ठान स्केलर को तात्कालिक प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। तिवारी पर अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों के प्रति घोर लापरवाही बरतने एवं वन निगम निर्धारित नियमों के अनुरूप लॉगिंग कार्य न करने के आरोप में निलंबन की कार्यवाही की गई है।
प्रभागीय लॉगिंग प्रबंधक, उत्तर प्रदेश वन निगम एसके वर्मा ने निलंबन आदेश आज जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि तिवारी के जनपद सुल्तानपुर सेक्शन की लॉट संख्या 11 व 12/22-23 में अवैध पातन की सूचना प्राप्त होने पर विभागीय जांच कराई गई थी जिसमें तिवारी दोषी पाए गए थे। इनके अतिरिक्त तिवारी के साथ कार्यरत छंटनीशुदा स्केलर नीतीश कुमार सिंह एवं राघवेंद्र प्रताप पांडेय को भी कार्य में लापरवाही और अनियमितता के चलते एक वर्ष के लिए उप्र वन निगम की सेवा से पृथक करते हुए काली सूची में रखा गया है।

