जनवाणी संवाददाता |
मवाना: जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में चल रहे विवाद की पैरवी कर रहे हस्तिनापुर भाजपा विधायक को महंगा पड़ गया। विवाद में एक पक्ष का साथ देने एवं बसपा पूर्व मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर को अपशब्द कहे जाने के बाद गुर्जर समाज के साथ सर्वसमाज में रोष फैलने के चलते विधायक को बैकफुट पर आना पड़ गया।
भाजपा विधायक ने आक्रोश बढ़ता देख पूर्व मंत्री से फोन पर माफी मांगने और खुद उनके घर पहुंचकर पश्चाताप करने की बात कही। इसी क्रम में हाल फिलहाल में विधायक के खिलाफ होने वाली सर्वसमाज की महापंचायत को टाल दिया है। बैठक में पहुंचे सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि किसी भी सूरत में बड़ों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर गुर्जर समाज से जुड़े पूर्व मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर ने किसी भी प्रकार की लड़ाई नहीं लड़ने की बात कही है।
बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव करीमपुर निवासी बसपा सरकार में रहे पूर्व मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर को हस्तिनापुर भाजपा विधायक दिनेश खटीक द्वारा अपशब्द कहे जाने व फेसबुक पर वायरल किये जाने के बाद गुर्जर समाज के साथ सर्वसमाज में रोष फैल गया था।
गत दिनों गुर्जर समाज से जुड़े नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर विधायक द्वारा माफी नहीं मांगने पर आरपार की जंग का ऐलान कर दिया गया था। मामला बढ़ता देख पूर्व मंत्री ने समाज को एकजुट करने व सच्चाई सामने आने की बात कही। हालांकि विधायक दिनेश खटीक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री उनके बड़े हैं, उन्होंने कोई अपशब्द नहीं बोले, लेकिन इसके बावजूद गुर्जर समाज के साथ सर्वसमाज में रोष फैलता जा रहा था।
इसी क्रम में शुक्रवार को उनके पैत्रक घर करीमपुर मे गुर्जर समाज की एक बैठक गठित की। बैठक में पहुंचे सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि उनकी बिरादरी छत्तीस कोम से जुड़ी हुई हैं और सभी का सम्मान उनके लिए लिखा हुआ है। बड़ों का सत्कार करना पहला धर्म बताया, लेकिन अपमान किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर के पुत्र युद्धवीर सिंह गुर्जर ने कहा कि हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर से अपशब्द कहे जाने की फोन पर माफी मांग ली है। जिसके चलते महापंचायत का ऐलान को टाल दिया है। हालांकि पूर्व मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर ने किसी भी प्रकार की लड़ाई नहीं होने व अपशब्द कहे जाने पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है।
इस मौके पर संतोष सीना, कुंवर देवेन्द्र, योगेश प्रधान, मोनू पंवार, प्रेम सिंह प्रमुख, कासिम जैदी, योगराज नंबरदार, गजे प्रधान, रघुराम चंद विधुडी, जसवीर भाटी, विचित्रा खेड़की, अजब सिंह, दीपक, प्रदुमन मावी, महाराज सिंह, अमरपाल, आदेश आदि मौजूद रहे।

