जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: पूर्व बसपा सांसद और सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे कद्दावर नेता जगदीश राणा का सोमवार रात 8:00 बजे दिल्ली में निधन हो गया। वह पिछले तीन-चार सालों से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। उनको शुगर के साथ हाई ब्लड प्रेशर की परेशानी थी।
पिछले कुछ दिनों में गंभीर हालत के चलते उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन, सोमवार की रात 8:00 बजे के करीब उन्होंने आखिरी सांस ली। जगदीश राणा के निधन से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
बता दें कि जगदीश राणा काजी रशीद मसूद के बेहद करीबी थे और उन्होंने ही इन्हें राजनीति में लाया। लेकिन, बाद के दिनों में जगदीश राणा की काजी रशीद मसूद से अनबन हो गई थी।
सन 2009 के चुनाव में जगदीश राणा ने बसपा के टिकट पर काजी रशीद मसूद को हरा दिया था। फिलहाल उनकी मृत्यु से जनपद में शोक की लहर है। तमाम सामाजिक संगठनों व राजनीतिज्ञों ने जगदीश के निधन पर शोक का इजहार किया है।

