जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: सूबे के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि जनपद सोनभद्र के विधानसभा क्षेत्र ओबरा के ग्राम पंचायत सलखन में स्थित जीवाश्म पार्क को ईको-टूरिज्म बोर्ड से जोड़ते हुए पर्यटकों के लिए आकर्षण के केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। इसके लिए जिलाधिकारी सोनभद्र को जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से कार्ययोजना तैयार किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि यह जीवाश्म पार्क अमेरिका के एलो स्टोन जीवाश्म पार्क की तरह देश की बहुमूल्य धरोहर है। यह पार्क धरती पर जीवों की उत्पत्ति का रहस्य समेटे हुए है।
पर्यटन मंत्री ने यह जानकारी विधानभवन स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि सोनभद्र का यह जीवाश्म पार्क 150 करोड़ वर्ष पुराना है और 25 हेक्टेयर में फैला हुआ अमेरिका के एलो-स्टोन पार्क से भी बड़ा है। भू-वैज्ञानिकों की दृष्टि से इसकी प्राकृतिक संरचना अद्भुत है। यह कैमूर वन्यजीव विहार के परिक्षेत्र में स्थित है और सोनभद्र के मुख्यालय राबर्ट्सगंज से लगभग 16 किमी की दूरी पर स्थित है। उन्होंने बताया कि इस पार्क को संरक्षण एवं अतिक्रमण से बचाने के लिए पूर्व में सुरक्षा की व्यवस्था की गयी थी।
जयवीर सिंह बताया कि इस प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए वर्ष 2021 में 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी थी। इस पार्क में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा तथा पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं की व्यवस्था के लिए कार्य कराये गये थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां कराये गये कार्यों का लोकार्पण 22 दिसम्बर 2021 को किया था। फॉसिल्स पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु सफाई, मरम्मत, सोलर लाइट, शौचालय, पार्क एवं गेट की व्यवस्था, सीमेंट शेड, दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियां, चहारदीवारी आदि का निर्माण कराया गया था।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस जीवाश्म पार्क को प्रकृति की बहुमूल्य धरोहर मानते हुए इसके संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही इसके आस-पास अवैध खनन आदि पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन को जरूरी निर्देश दिये गये हैं।

