जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आज रविवार की रात्रि करीब 9:30 बजे चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर चलती सेंट्रो कार में अचानक आग लगने से एक मासूम समेत चार की मौत हो गयी। इस दर्दनाक हादसे की सूचना पर जब तक पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे तब तक कार में सवार सभी की मौत हो चुकी थी। हालांकि आसपास के लोगों ने कार में लगी आग बुझाने और कार में बैठे लोगों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वो बचा नहीं पाए।
एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह ने बताया कि यह परिवार हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहा था। जब कार जानी थाना क्षेत्र के गंगनहर पटरी पर पहुंची उसी दौरान उसमें आग लग गयी। उसमें लंबी-लंबी लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों खुद को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वो जिंदा ही जल गए।
कार में सीएनजी किट लगी हुई थी। माना जा रहा है कि गैस किट होने के चलते ही यह हादसा हुआ है। कार पर लंबी नंबर प्लेट डीएल-4सी-एपी-4792 के आधार पर यह गाडी दिल्ली निवासी सोहनपाल पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव प्रहलादपुर बांगर के नाम पर है।

