जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आउटर नॉर्थ क्षेत्र के बवाना इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कुख्यात गैंगस्टर मंजीत महाल के सगे भांजे दीपक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में दीपक की नाबालिग बेटी भी घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था
सुबह लगभग 8 बजे दीपक रोज की तरह अपने परिवार के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था। जैसे ही वह बवाना रोड पर पहुंचा, बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ चल रही उसकी बेटी के हाथ में गोली लग गई।
गैंगवार की आशंका, नंदू गैंग पर शक
प्रारंभिक जांच में पुलिस को गैंगवार की आशंका है। मामले में विदेश में छिपे कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू की संलिप्तता की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नंदू और मंजीत महाल गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी चली आ रही है। इससे पहले भी इसी गैंगवार के चलते अप्रैल में मंजीत के करीबी प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार दराल की हत्या कर दी गई थी।
दीपक का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
पुलिस जांच में सामने आया है कि दीपक का कोई आपराधिक बैकग्राउंड नहीं था। वह बीटेक की पढ़ाई के बाद ट्रेडिंग के क्षेत्र में काम कर रहा था और बवाना के नांगल ठाकरान गांव में अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी वह परिवार के साथ वॉक पर निकला था, उसके माता-पिता कुछ दूरी पर पीछे चल रहे थे।
बेटी के हाथ में लगी गोली, हालत स्थिर
हमले के दौरान दीपक की बेटी के हाथ में गोली लगने से गंभीर चोट आई है। गोली आर-पार हो गई, लेकिन समय रहते अस्पताल पहुंचाने के चलते उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों का संबंध सीधे तौर पर नंदू गैंग से है या किसी अन्य स्थानीय नेटवर्क से।

