जनवाणी संवाददाता |
कैराना: भाभी से कोर्ट मैरिज करने के बाद घर से निकाली गई पत्नी को मायके में आकर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पुलि अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव गोगवान निवासी कोसिदा ने एसपी के आदेश पर कोतवाली में अभियोग दर्ज कराया है। जिसमें बताया है कि उसकी शादी पहले गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव पल्ठेड़ी निवासी कैसर के साथ हुई थी। वह एक बेटी की मां है। आरोप है कि पति ने अपनी भाभी से कोर्ट मैरिज कर लिया। जिसके बाद मारपीट करते हुए बेटी सहित उसे घर से निकाल दिया गया।
घटना के बाद वह अपने मायके में आकर रहने लगी। पीड़िता ने बताया कि बीते 12 दिसंबर को शाम करीब पांच बजे घर पर थी। आरोप है कि तभी पति कैसर मायके में पहुंचा और बेटी को अपने साथ उठाकर ले जाने लगा, जिसका विरोध करने पर पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद पति फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में कैसर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

