जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वर्तमान समय में बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। क्रिकेट के क्षेत्र में भी बेटियां अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए परचम लहरा रही है। ऐसे में आने वाले समय में महिला क्रिकेटरों का भी आईपीएल देखने को मिल सकता है। जिसके बाद महिला क्रिकेटर आईपीएल में भी बेहतर खेल कर अपनी प्रतिभा का परिचय देगी एवं अन्य प्रतिभा भी उभरकर आएगी।
ये बात सोमवार को भारतीय महिला क्रिकेटर लतिका कुमारी ने किला रोड स्थित गेम सिटी एरिना में अनुराधा मेमोरियल गर्ल्स इन्विटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए हर बार बीसीसीआई पर निर्भर रहना उचित नहीं है। देश के अन्य संगठनों के साथ-साथ सामाजिक लोगों को भी आगे आना होगा। जिससे महिला क्रि केट को और बढ़ावा मिले। सबसे बड़ी बात बालिकाओं को क्रिकेट में रुचि रखते हुए अपने खेल के प्रदर्शन को निखरना होगा।
बता दें कि महिला क्रिकेटर लतिका कुमारी ने एक साल बाद बल्ला भांजकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया और बालिका खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अपने आप को बालिका समझ कर कम न आंके। समय बदल चुका है। जिसमें हुनर है वह आगे बढ़ता ही है।
देश में पुरुष क्रिकेट की तुलना में महिला क्रिकेट पीछे होने का एक कारण ये भी है कि बीसीसीआई की ओर से अब तक इस ओर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब इस ओर ध्यान दिया जाने लगा है। जिससे तस्वीर बदलने लगी है। महिला क्रिकेट ले लिए अधिक संख्या में एकेडमी खोलकर बालिकाओं को प्रशिक्षित करने की जरूरत है। जिससे आने वाले समय में विश्व में भारतीय महिला क्रिकेटर अपने बल्ले के कमाल से विश्व को बता दे कि भारतीय महिला क्रिकेटर किसी से भी कम नहीं है।

