जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: शुक्रवार की सुबह घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी, दोनों की कीमतों में नरमी देखी गई। कारोबारी सत्र की शुरुआत धीमी रही, जिससे निवेशकों की धारणा थोड़ी कमजोर नजर आई। घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी कमजोर संकेत मिले।
सोना हुआ सस्ता, भाव 1,12,500 रुपये के नीचे
MCX पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोने का वायदा कॉन्ट्रैक्ट 4 रुपये की गिरावट के साथ ₹1,12,625 प्रति 10 ग्राम पर खुला। कुछ ही देर बाद इसमें और गिरावट देखने को मिली, और बाद में यह ₹1,12,521 के भाव पर कारोबार कर रहा था।
इस दौरान सोने ने दिन का उच्च स्तर 1,12,625 और न्यूनतम स्तर 1,12,511 छुआ। बीते सप्ताह इसका उच्चतम स्तर ₹1,14,179 रहा था, जिससे यह साफ है कि बाजार में फिलहाल मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों की वजह से दबाव है।
चांदी की भी सुस्त शुरुआत, दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट में गिरावट
चांदी के भाव में भी कमजोरी देखने को मिली। MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला चांदी का वायदा कॉन्ट्रैक्ट 180 की गिरावट के साथ 1,36,876 प्रति किलो पर खुला। कुछ ही देर बाद यह और गिरकर 1,36,738 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, यानी अब तक इसमें 318 की गिरावट आ चुकी है। चांदी ने आज का उच्च स्तर 1,36,876 और न्यूनतम स्तर 1,36,504 दर्ज किया। इस सप्ताह का उच्चतम स्तर 1,37,530 रहा है।
क्या हैं गिरावट की वजहें?
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी: अमेरिकी डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के चलते ग्लोबल मार्केट में प्रेशर।
मुनाफावसूली का दौर: बीते सप्ताह सोने-चांदी ने ऊंचे स्तर छुए थे, जिसके बाद निवेशक मुनाफावसूली के मूड में दिख रहे हैं।
फेस्टिव सीजन की तैयारी: घरेलू बाजार में त्योहारी मांग का इंतजार है, लेकिन फिलहाल खरीदार सतर्क हैं।
निवेशकों के लिए सलाह?
विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतों में यह गिरावट अस्थायी हो सकती है और त्योहारी सीजन के करीब आते ही एक बार फिर तेजी देखने को मिल सकती है। लॉन्ग टर्म निवेशक गिरावट में खरीदारी का अवसर तलाश सकते हैं।

