- भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने गांव पहुंचकर रचित के परिजनों को दी सांत्वना
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने रचित के गांव पहुंचकर परिवारजन को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। उन्होने कहा कि सरकार व संगठन उनके साथ खड़ा है। पूर्णरूप से उनकी मदद की जाएगी, हत्यारोपियों को फांसी की सजा दिलाई जाएगी, किसी भी दोषियों को कतई बख्सा नही जाएगी।
हल्दौर के कस्बा झालू में पांच फरवरी 2021 दिनदहाड़े पांच युवकों ने ताबडतोड़ गोली चलाकर रचित को मौत के घाट उतार दिया था। दिनदहाड़े हुई घटना से पूरे कस्बे व पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। पुरानी रंजिश व अपना वर्चस्व कायम करने के लिए पांचों युवकों ने घटना को अंजाम दिया था।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, युवा जिलाध्यक्ष रवि चौधरी, क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार व वरिष्ठ भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम के साथ बुधवार दोपहर को रचित के घर गांव सिहोरा गिरधर पहुंचे।
उन्होंने दो मिनट का मौन धारण करते हुए मृतक रचित को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के आंसू पौछे। उन्होंने रचित के परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि भाजपा इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। शत-प्रतिशत दोषियों को फांसी की सजा तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने इंस्पेक्टर दरोगा समेत सात दोषी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर बड़ी कार्रवाई की है। परिजनों को न्याय मिलने तक भाजपा पार्टी उनके साथ खड़ी है। इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री अनूप वाल्मीकि, हरजिंदर कौर,धामपुर विधायक अशोक राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, विनय राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता केडी देशवाल, जिला मीडिया प्रभारी दीपक गर्ग मोनू, युवा जिलामंत्री निशांत राठौर, विवेक राज सोनी, भाजपा नगराध्यक्ष संजीव गुप्ता, मानव सचदेवा, मनदीप चौधरी, टिंकू अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
परिवार को दिलाई जाएगी सुरक्षा
रचित के परिजनों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष को बताया कि उन्हे घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। वह स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे है। इस पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है, उनको डरने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में आंतक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अपराधियों का घर जेल है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से प्रशासन से वार्ता कर परिवार को जल्द सुरक्षा दिलाने को कहा है।

