- कृषि विवि में दूसरे दिन किसान मेले में उमड़ी भीड़
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी के दूसरे दिन मेले का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री डा. संजीव कुमार बालियान ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार को किसानों के हित की चिंता है।
इसलिए उनके हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कई कदम उठाए है। किसानों के लिए पहले 21 हजार करोड़ धन आवंटित किया जाता था। जो अब बढ़ाकर एक लाख 35 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सरकार द्वारा शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का कार्य फ्री कराया जा रहा है। एआई का कार्य भी वर्तमान सरकार ने फ्री कर दिया है। जिससे पशुपालन को बढ़ावा मिल सके। गन्ने की फसल के साथ सहफसली खेती करनी चाहिए।
कृषि विवि के कुलपति डा. केके सिंह ने कहा कि इस मेले में अलग-अलग थीम के स्टाल लगाये गए हैं। जिसमें फसल अवशेष प्रबंधन, मोटे अनाज की खेतीबाड़ी, प्राकृतिक खेती एवं विभिन्न प्रकार के पेस्टीसाइड बीज, लघु एवं सीमांत किसानों के लिए कृषि यंत्रों की जानकारी दी जा रही है। क्रिस्टल गु्रप के अध्यक्ष एनके अग्रवाल ने कहा कि गांव एवं शहर का बहुत गहरा नाता है।

सुनील भराला पूर्व अध्यक्ष श्रम कल्याण बोर्ड ने कहा कि भारत सरकार किसान के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। भाजपा के जिलाध्यक्ष विमल शर्मा ने कहा कि कुछ परिवर्तन के लिए खोज बहुत जरूरी है। निदेशक प्रसार, डा. पीके सिंह ने बताया कि कल किसान मेला का समापन समारोह आयोजित किया जायेगा। जिसके मुख्य अतिथि बलदेव सिंह औलख राज्यमंत्री कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, उत्तर प्रदेश शामिल होंगे।
इन्होंने लगाए मेले में स्टाल
इस बार मेला में हंस इंजीनियरिंग, बासमती निर्यात विकास प्रतिस्थान, बीकेटी, महिन्द्रा टैÑक्टर, क्रिस्टल फास्फेट, बायर क्रॉप साइंस, दयाल फर्टिलाइजर, चम्बल फर्टिलाइजर, इफको, क्रभको, इंडोरामा, गंगोल दुग्ध समिति, गोयल वैट फार्मा, टिनेटा फार्मा, कृषि महाविद्यालय, पशुचिकित्सा महाविद्यालय, जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, उद्यान महाविद्यालय, तकनीकी महाविद्यालय, पोस्ट हार्वेस्ट महाविद्यालय ने भी अपने स्टाल के माध्यम से तकनीकी ज्ञान का प्रसार किया।
किसानों ने खरीदा बीज
किसान मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये किसानों ने गेहूं, सरसों, चना तथा विभिन्न फसलों के बीज भारी मात्रा में खरीदें। कृषि विश्वविद्यालय के बीज विक्रय केन्द्र के स्टाल पर काफी संख्या में किसानों की भीड़ रही। किसानों ने प्राकृतिक खेती, मोटे अनाज की खेती, ड्रोन तकनीक के बारे में जानकारी हासिल की।
स्वतंत्र देव सिंह का कार्यक्रम रद
मेले के उद्घाटन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भी आना था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके चलते उनका कार्यक्रम रद हो गया।
डॉग शॉ का आयोजन
किसान मेले में डॉग शॉ का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में विभिन्न प्रजातियों के श्वान ने भाग लिया। डा. अमित कुमार, प्राध्यापक, पशुचिकित्सा महाविद्यालय ने बताया कि इस शॉ में दक्ष मोदीपुरम का पप्पी, मंदीप दौराला, मार्सल मेल, रोट वीलर, नीरज दौराला का राजा, लैबराडोर जाति के डॉग मेले के आॅवर आॅल चैंपियन रहे।
रागिनी टीम ने बांध समां
किसान मेले में दूसरे दिन किसान मंडाल में नजीबाबाद से रागिनी टीम भी पहुंची। रागिनी टीम के कलाकारों ने एक के बाद एक शानदार रागिनी कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जो मेले में आकर्षण का केंद्र रहा।
ये रहे मौजूद
किसान मेले में कुलसचिव, डा. बीआर सिंह, निदेषक शोध, डा. अनिल सिरोही, अधिष्ठाता, कृषि, डा. विवेक धामा, अधिष्ठाता, पशुचिकित्सा महाविद्यालय, डा. राजीव सिंह, अधिष्ठाता, पोस्ट हार्वेस्ट टैक्नोलोजी, डा. पूरन चन्द, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर, डा. रामजी सिंह, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी, डा. रविन्द्र कुमार, डा. आर.एस. सेंगर, प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डा. सतेन्द्र कुमार, डा. मुकेष कुमार, डा. पीके सिंह, डा. एस.के. त्रिपाठी, डा. हरिओम कटियार, डा. एस.के. लोधी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा, निरंकार बफावत, बलराज डूंगर आदि मौजूद रहे।

