Saturday, March 14, 2026
- Advertisement -

सरकारी स्कूल शिक्षक विहीन, तब जुटी प्रेक्षागृह में भीड़

  • वर्कशॉप में मंत्री, विधायक, प्रशासन के अफसर तो थे, लेकिन सुनने वाले नहीं
  • बीएसए आफिस से कॉल और ताबड़तोड़ कराए गए मैसेज, तब जुट सकी भीड़

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार प्रसार के लिए एलएलआरएम मेडिकल के प्रेक्षा गृह में सोमवार को वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर थे। इनके अलावा राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी, सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, डीएम दीपक मीणा, सीडीओ नूपुर गोयल, ज्वांइट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीडीओ अम्बरीष कुमार, परियोजना प्रभारी यूपीनेडा प्रमोद भूषण शर्मा व लखनऊ से आये मयंक व वसुधा फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

वर्कशॉप जब शुरू हुई तो मंचासीन अतिथियों के प्रतिष्ठा के अनुरूप इस महत्वपूर्ण वर्कशॉप में जितनी भीड़ नजर आनी चाहिए, उतनी नहीं थी। मेडिकल के प्रेक्षागृह की स्थिति को देखकर आयोजक पसीना-पसीना थे। स्थिति ऐसी भी नहीं थी कि निल बटा सन्नाटा हो और इतनी बढ़िया भी नहीं थी कि संतोष किया जाए सो कई सरकारी दफ्तरों जिनमें बीएसए आॅफिस भी शामिल बताया जाता है। फोन घनघनाए गए। बीएसए आॅफिस से ताबड़तोड़ ग्रुपों में मैसेज चला दिए गए।

फरमान था कि बगैर किसी देरी के स्कूल में केवल एक को छोड़कर तमाम टीचर सीधे एलएलआरएम प्रेक्षागृह पहुंचे। आनन-फानन में स्कूल छोड़कर टीचर मेडिकल जा पहुंचे, लेकिन वहां भी काफी देर तक भटकते रहे। इन टीचरों के पहुंचने के बाद आखिरकार मेडिकल का प्रेक्षा गृह इस लायक हो गया कि कार्यक्रम के आयोजकों की पेशानी पर आया पसीना सूख जाए और हुआ भी ऐसा ही, उसके बाद कार्यक्रम विधिवत शुरू हुआ।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी हुए सम्मानित

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के 11 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये एवं जनपद में स्थापित दो जैव ऊर्जा उद्यम के प्रतिनिधियों एवं प्रधानाचार्य मेडिकल कालेज को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर अधिक से अधिक सोलर रूफटॉप लगाये जाने का आह्वान किया गया। मुख्य अतिथि ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर स्थापित किये जाने का लक्ष्य रखा गया है।

मेरठ जनपद में एक लाख सोलर पैनल लगाये जाने का लक्ष्य है। यह योजना विद्युत उत्पादन में आत्मनिर्भर बनायेगी तो पर्यावरण संरक्षण में योगदान देगी। राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि वर्ष 2018 ग्लोबल समिट में प्रधानमंत्री ने एक विश्व, एक सूर्य, एक ग्रिड का संकल्प विश्व के सामने रखा था। वर्कशॉप में लखनऊ से आये मयंक व वसुधा फाउंडेशन के प्रतिनधि ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए बनाये गये पोर्टल का प्रजेन्टेशन दिया।

पीएम का लक्ष्य एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर लगेंगे: सोमेन्द्र

एलएलआरएम मेडिकल कालेज में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार प्रसार को आयोजित कार्यशाला में 11 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का पीएम का लक्ष्य है, जबकि मेरठ जिले में एक लाख सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में लक्ष्य प्राप्ति के लिए तेज गति से सामूहिक रूप से प्रयास किए जा रहे हैं।

हमें उम्मीद है कि हम शीघ्र लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। लोगों को जागृत करने को तहसील व ब्लॉक स्तर पर भी कार्य किए जा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कहा कि सन् 2018 में आयोजित ग्लोबल समिट में प्रधानमंत्री ने कहा था कि एक विश्व, एक सूर्य और एक ग्रिड होनी चाहिए। प्रधानमंत्री की इसी दूर दृष्टि सोच के परिणाम स्वरूप वैश्विक स्तर पर सौर ऊर्जा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए देश में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लागू किया गया। प्रधानमंत्री के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमें जनता को जागरूक करने की जरूरत है।

कार्यक्रम में लखनऊ के मयंत व वसुधा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए बनाए गए पोर्टल का प्रजेंटेशन दिया गया। कार्यक्रम में सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, डीएम दीपक मीणा, सीडीओ नूपुर गोयल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला विकास अधिकारी अंबरीश कुमार, परियोजना प्रभारी यूपीनेडा प्रमोद भूषण शर्मा आदि मौजूद रहे।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

Sonam Wangchuk: सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी रद्द, गृह मंत्रालय ने दी स्वतंत्रता की जानकारी

जनवाणी ब्यूरो | नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जलवायु...
spot_imgspot_img