- किठौर-मवाना रोड पर पेड़ से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत, घर में चल रही थी बरात की तैयारी
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: शादी की खुशियों में सराबोर युवक की करिज्मा बाइक किठौर-मवाना रोड पर ईसापुर मोड़ के निकट अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ युवक गंभीर घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से पलभर में, खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। पंचनामें के बाद देरशाम में शव सुपुर्दे खाक किया गया।
मंगलवार को राधना निवासी अमानत के मझले बेटे नासिर की शादी थी। बरात किठौर जानी थी। परिवार और रिश्तेदार बरात में चलने की तैयारी में जुटे थे। इस बीच दुल्हे का छोटा भाई जीशान घर से करिज्मा बाइक लेकर किठौर खरीददारी के लिए आ गया। दोपहर लगभग 1:15 बजे जीशान सामान खरीदकर घर को चला तो ईसापुर मोड़ के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई।
इस दर्दनाक हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त और जीशान गंभीर घायल हो गया। सड़क दुर्घटना की सूचना पर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और जीशान को मेरठ के निजि अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। हादसे के बाद मृतक के घर पहुंची पुलिस से परिजनों ने पोस्टमार्टम को इंकार कर दिया। पंचनामे के बाद देरशाम शव सुपुर्दे खाक किया गया।
सबसे छोटा था जीशान
परिजनों ने बताया कि जीशान छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसने इसवर्ष किठौर के जीनियस अल-फलाह कालेज से इंटर किया था। जीशान के पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मां साहना बेटे के शव को देख बार-बार बेसुध हो रही थी। ग्रामींणों ने बताया कि जीशान के तीन भाई सऊदी अरब में मजदूरी करते हैं।
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत
मेरठ: पत्नी व मासूम बेटी के साथ बाइक से ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पत्नी व बेटी की भी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। मंगलवार देर शाम एनएच-34 पर इंचौली फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि युवक खत्ता रोड का रहने वाला है और बाइक से पत्नी व मासूम बेटी के साथ ससुराल जा रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में पत्नी और बच्ची की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। मृतक खत्ता रोड का रहने वाला मोनू (30) पुत्र फईमुद्दीन वर्ष है, जो पत्नी आयशा और मासूम बेटी को लेकर इंचौली के मसूरी गांव ससुराल जा रहा था।
मोनू टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता था। तीन साल पहले ही उसकी शादी मसूरी की रहने वाली आयशा से हुई थी। पुलिस ने आरोपी बस चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत के बाद उसके परिजनों व ससुराल वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सड़क हादसे में घायल की उपचार के दौरान मौत
लावड़: क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गयी। चौकी क्षेत्र के गांव मिठेपुर निवासी 42 वर्षीय दीपक पुत्र बिजेंद्र चित्तारी अग्रिकेयर प्राइवेट लिमिटेड नामक दवाई कम्पनी में एमआर के रूप में कार्यरत था। लगभग तीन दिन पूर्व दीपक मुजफ्फरनगर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर अवस्था में दीपक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गयी। दीपक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव मिठेपुर लाया गया। गमगीन माहौल में दीपक का अंतिम संस्कार किया गया। दीपक की पत्नी सपना व दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अभिनव (9) तथा छोटा बेटा विभु (6) का है।
हादसे में बेटी की मौत, पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मेरठ: लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बिजली बंबा बाइपास पर बाइक पर पिता के साथ जा रही गाजियाबाद निवासी युवती की मौत हो गयी। बेटी की मौत से मौके पर पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। हालांकि पिता ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया और बेटी का शव लेकर घर चले गए। मनताश पुत्री गुलबहार निवासी डासना मसूरी गाजियाबाद लोहिया नगर के जाकिर कालोनी में अपने किसी परिचित के यहां आए थे। दोपहर को पिता-पुत्री बाइक से वाया बिजली बंबा बाइपास होते हुए वापस घर की ओर लौट रहे थे।
रास्ते में उनकी बाइक में तेज गति से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता व पुत्री चलती बाइक से उछल कर सड़क पर जा गिरे। हादसे में मनतशा की मौके पर ही मौत हो गई, गुलबहार को भी काफी चोट आयी है। वहां काफी लोग जमा हो गए। पुलिस भी आ गयी, लेकिन पिता ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से साफ इंकार कर दिया। उसके बाद पुलिस ने पिता को शव ले जाने की इजाजत दे दी।

