- व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता के बहनोई हैं राजेश बिंदल परिवार में कोहराम, डूबने से मौत की आशंका
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर पुलिस स्ट्रीट निवासी नई मंडी के बडेÞ कारोबारी राजेश बिंदल का हरिद्वार में पुलिस ने लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया। उनका शव हरिद्वार के पथरी इलाके में गंगा में बहती मिलने की बात हरिद्वार पुलिस ने परिजनों को बतायी है। राजेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह कई दिन से लापता थे। उनकी गुमशुगदी थाना सदर बाजार में दर्ज करा दी गयी थी। राजेश बिंदल संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल के बहनोई थे। परिवार में पत्नी पूनम के अलावा एक बेटा व एक बेटी हैं।
कारोबारी की तलाश में उनका बेटा व भाई बीते रविवार से हरिद्वार में डेरा डाले हुए थे। वह लगातार वहां पुलिस से संपर्क बनाए हुए थे। नवीन गुप्ता ने बताया कि हरिद्वार पुलिस ने राजेश बिंदल के चित्र के आधार पर बताया कि उनका शव 11 सितंबर को बरामद किया गया था। 72 घंटे इंतजार करने के बाद पुलिस ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। पुलिस स्ट्रीट में राजेश मंजिला को दो मंजिला मकान है। बताया गया है कि विगत 9/10 सितंबर को उनकी पत्नी व बच्चे मकान के ऊपर वाले हिस्से में थे। वह खुद नीचे बैठे कुछ कारोबारी कार्य निपटा रहे थे।
उसी दौरान उन्होंने थाना सदर बाजार के समीप रहने वाले राजीव वर्मा नाम के शख्स को बुलाया। दरअसल राजीव वर्मा अक्सर उनके घर का सामान लाकर दे दिया करता था। इसकी एवज में उसको खर्चे के लिए कुछ पैसे मिल जाते थे। 11 तारीख को राजीव वर्मा को उन्होंने अपना बैग दिया और बताया कि हरिद्वार चलना है। वह अक्सर हरिद्वार जाया करते थे। परिजनों ने सोचा कि अगले दिन आ जाएंगे, लेकिन वह नहीं लौटे। तो परिजनों को चिंता हुई।
उन्होंने राजीव वर्मा जिसके साथ वह गए थे, बीते शुक्रवार को जब उससे पूछताछ की तो उसने कुछ भी जानकारी से मना कर दिया। सोमवार को जब व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता व परिजन थाना सदर बाजार पहुंचे तथा राजीव वर्मा को बुलाकर पुलिस के द्वारा सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि जिस दिन मेरठ से गए थे उसके अगले दिन सुबह छह बजे राजेश बिंदल रूम से बाहर घूमने जाने की बात कह कर निकल गए थे,
लेकिन जब वह नौ बजे तक भी नहीं लौटे तो राजीव वर्मा ने बताया कि वह होटल के स्टॉफ से राजेश को ढूंढने जाने की बात कर कह कर होटल रूम से निकल गया, लेकिन वह लौटकर होटल नहीं गया और बस से सीधा मेरठ अपने घर आ गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। कारोबारी की तलाश की जा रही है। राजेश की तलाश में उनके भाई संजय बिंदल व परिवार के अन्य सदस्य हरिद्वार में थे। ये सभी लोग देर शाम मेरठ पहुंच गए।
दिल्ली के कारोबारी की होटल के कमरे में मिली लाश
सदर बाजार थाना क्षेत्र के बेगमपुल स्थित एक होटल में पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में रहने वाले कारोबारी बताए जा रहे एक शख्स की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल का दरवाजा तोड़कर शव को निकाला गया। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया। होटल के स्टॉफ ने बताया कि मनोज सिंह पुत्र चरण सिंह नाम के इस शख्स ने चार दिन पहले रूम बुक कराया था। आईडी के तौर पर उसने अपना आधार कार्ड दिया था। जिस पर पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर का पता अंकित है।
यह शख्स अकेला ही मेरठ आया था। उसने बताया था कि अपने करोबार के सिलसिले में वह यहां आया हुआ है। होटल में इसको 106 नंबर कमरा दिया गया। यह प्रतिदिन सुबह निकल जाता और फिर शाम को अपने रूम में पहुंच जाया करता था। स्टॉफ ने यह भी बताया कि यह शख्स हर रोज बाहर से ही खाना खाकर आया करता था। इस दौरान इससे कोई मिलने भी नहीं आया था। कुछ भी ऐसा नहीं लगा, जिससे कहा जा सके कि उसकी गतिविधियां गलत या फिर संदिग्ध हैं। रविवार की रात को भी मनोज सिंह अपने रूम में चला गया था।
सुबह को आमतौर वह 10 बजे निकल जाता था, सोमवार को जब वह 10 बजे तक नहीं निकले तो रूम सर्विस ने सफाई के लिए नॉक किया, लेकिन भीतर से कोई रिप्लाई नहीं आया। कुछ देर बाद रूम सर्विस ने फिर दरवाजा खटखटाया किया। इस बार भी रिप्लाई नहीं आया। जब तीसरी बार नॉक किया और रिप्लाई नहीं मिला तो शक हुआ। स्टॉफ ने डॉयल 112 को कॉल किया। कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गयी। उन्होंने थाना सदर बाजार पुलिस को भी बुला लिया।
दरवाजा जब नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया। अंदर बेड पर मनोज लेटा था, लेकिन मौत हो चुकी थी। जांच पड़ताल की गयी। कुछ भी ऐसा नहीं लगा जिसे आपत्तिजनक या गलत कहा जा सके। मनोज सिंह का मोबाइल व अन्य सामान भी रूम में सलीके से रखे हुए थे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को मेडिकल भिजवा दिया। परिजनों से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।

