जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: मिड डे मील में गड़बड़ियों की शिकायत आए दिन मिलती है लेकिन हकीम और हुकूमत की लापरवाही से इसके ठेकेदार जान से खिलवाड़ करने लगे हैं।
ताजा मामला गंगो क्षेत्र के गांव महंगी का है।
यहां पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 15 छात्राओं की तबीयत रात का खाना खाने के बाद अचानक से बिगड़ गई। सभी को उल्टी आने लगी और पेट में तेज दर्द होने लगा। ऐसे में छात्राओं को गंगो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया और यहां पर डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।
लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने पर आधा दर्जन छात्राओं को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है और अब उनकी हालत काबू में है।
इस संबंध में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर एनजीओ संचालक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और एफ आई आर दर्ज कराया जाएगा।
फिलहाल छात्राओं की हालत खतरे से बाहर बताई गई है लेकिन उनका इलाज चल रहा है तथा परिजन परेशान है।

