- भगवान शिव की भक्ति का जज्बा शिवभक्तों में देखने को मिला
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: एनएच-58 पर गुरुवार का दिन डाक कांवड़ के नाम रहा। मन में श्रद्धा और भगवान शिव की भक्ति के साथ शिवभक्त डाक कांवड़ के लिए निकले। बाइक पर सवार होकर गाड़ियों के काफिलों के साथ हाइवे पर दिनभर शिवभक्त भाग-दौड़ करते हुए नजर आए। जल लेकर शिव भक्त भागते और एक-दूसरे शिवभक्त को जल देकर आगे बढ़ाते हुए यह नजारा दिन भर हाइवे पर देखने को मिला। गुरुवार को दिन निकलते ही भयंकर जाम लग गया। हाइवे पर डाक कांवड़ का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को हाइवे पर कांवड़ यात्रा का अंतिम दिन है।
ऐसे में हाइवे पर जाम लगना लाजिमी था। इस बार कांवड़ यात्रा में पांच करोड़ से अधिक कांवड़िये अभी तक हाइवे से गुजर चुके हैं। डाक कांवड़ का प्रचलन पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अधिक देखने को मिला है। हाइवे पर इस बार बड़े-बड़े डीजों के साथ बड़े-बड़े वाहनों पर डाक कांवड़ लाने का सिलसिला अधिक देखने को मिला। युवा टोली बनाकर डाक कांवड़ ला रहे हैं। मन्नते पूरी होने पर युवा डाक कांवड़ इस बार अधिक लाए हैं। हाइवे पर दिन भर हरियाणा और दिल्ली एवं राजस्थान के युवा अधिक डाक कांवड़ लाए। हाइवे दिनभर बाइक और बड़े-बड़े वाहनों के हवाले रहा।
केसरिया रंग से सराबोर हुई रजवाहा पटरी
सरधना: कांवड़ मार्ग रजवाहा पटरी पूरी तरह से केसरिया रंग से सराबोर हो चुकी है। रजवाहा पटरी पर इस समय बड़ी संख्या में कांवड़िया गुजर रहे हैं। जलाभिषेक में एक दिन का समय शेष रह गया है। ऐसे में कांवड़ियों में शिवलायों तक पहुंचने की होड़ लगी हुई है। समय को देखते हुए कांवड़ियों ने अपनी चाल तेज कर दी है। सेवादार कांवड़ियों को शिविर में रुकने के लिए रोक रहे हैं,

लेकिन समय को देखते हुए कांवड़िया आगे बढ़ते जा रहे हैं। गंगनहर पटरी पर कांवड़ियों की संख्या कम हो गई है। इक्का-दुक्का कांवड़ियां ही पटरी पर नजर आ रहा है। गंगनहर पटरी पर डाक कांवड़िये अधिक देखने को मिल रहे हैं। वहीं, रजवाहा पटरी पर कांवड़ियों की सैलाब उमड़ रहा है। भारी संख्या में कांवड़िया रजवाहा पटरी से गुजर रहे हैं। पुरामहादेव जाने वाले कांवड़िया तेज गति के साथ अपने गंतव्य के लिए बढ़ रहे हैं।
शिवालयों पर पहुंचने लगे कांवड़िया
आसपास क्षेत्र के कांवड़िया जल लेकर शिवालयों पर पहुंचने शुरू हो गए हंै। नगर व देहात में कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। वहीं परिजन भी कांवड़ियों से मिलने और उनकी सेवा करने के लिए शिवालय पहुंच रहे हैं।
गंगनहर पटरी पर डाक कांवड़
गंगनहर पटरी पर इस समय डाक कांवड़ गुजर रही है। बड़े वाहनों से लेकर कार व बाइकों पर डका कांवड़िया गुजर रहे हंै। अधिकांश बाइकों पर कांवड़िया जल लेकर निकल रहे हैं। डाक कांवड़ियों में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ देखी जा रही है।
राइट सलावा माइनर पटरी से गुजरा कांवड़ियों का सैलाब
सरूरपुर: अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी कांवड़ यात्रा में गुरुवार को शिवभक्तों के अपनी मंजिल की ओर बढ़ने में काफी तेजी के साथ इजाफा हुआ। गंगाजल लेकर पुरा महादेव की ओर लौट रहे शिवभक्तों का रजवाहा पटरी पर गुरुवार को सैलाब उमड़ पड़ा। ज्यादातर कांवड़िये रात तक पुरा महादेव पहुंच जाएंगे। दिनभर रजवाहा पटरी पर कावड़ियों की संख्या तेजी के साथ पुरा महादेव की ओर बढ़ती रही।

