- वाहन चोरी के मामले में गैर जमानती वारंट के आधार पर दबोचा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर बाजार पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर मन्नू कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। वाहन चोरी के मामले में कोर्ट से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर यह कार्रवाई हुई है। वाहन काटने का कमेला चलाने वाले हाजी गल्ला के बाद मन्नू कबाड़ी ने इस अवैध धंधे में बेहिसाब धन दौलत अर्जित की थी। पुलिस ने पूछताछ में यह जानने की कोशिश की कि मन्नू कहीं ओर तो अब चोरी के वाहनों को काटने का काम तो नहीं कर रहा है। प्रदेश में सबसे बदनाम बाजार रहा सोतीगंज का इलाका मंगलवार को मन्नू कबाड़ी की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया।
एक समय था कि यहां देशभर से चोरी होने वाले वाहनों को काटने का कमेला चलता था। हर रोज कहीं ना कहीं की पुलिस चोरों के साथ इस कबाड़ी बाजार में दबिश देती थी। लंबे समय तक सिरदर्द रहे सोतीगंज कबाड़ी बाजार पर योगी सरकार में दो साल पहले नकेल कसी थी। उस समय कबाड़ी बाजार के मुखिया हाजी गल्ला समेत 34 के करीब कबाड़ियों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए उनकी करोड़ों की संपत्ति को कुर्क किया गया था। इस कबाड़ी बाजार में मन्नू कबाड़ी ने भी दिनरात चौगुनी तरक्की की थी। इसी मन्नू कबाड़ी के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट चल रहे थे।
इसी आधार पर सदर बाजार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि वारंट के आधार पर मन्नू कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस यह जानकारी भी कर रही है कि मन्नू अथवा इस काले धंधे से जुड़े अन्य लोग तो कहीं पर वाहनों को काटने का काम तो नहीं कर रहे है। बता दें कि एक समय मन्नू कबाड़ी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हुआ था।

