- किठौर पुलिस पर उठ रही अंगुली, गिर सकती है गाज
- सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सीएम योगी का सख्त रुख भी पुलिस और अपराधियों के गठजोड़ को हिला नहीं पा रहा है। फिलहाल सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई है। जिसमें कुछ दारोगा व अन्य लोग मेज पर रखे केक के चारों ओर मोमबत्ती जलाए खड़े हैं। यह तस्वीर किठौर थाना कार्यालय की बताई गई है। जहां कार्यवाहक थाना प्रभारी के जन्मदिन में जानलेवा हमले का कथित आरोपी व हिस्ट्रीशीटर भी शामिल बताया गया है।
बुधवार देर रात किठौर थाना कार्यालय में कार्यवाहक थाना प्रभारी नरेश कुमार का जन्मदिन धूमधाम से मनाए जाने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। जन्मदिन पार्टी में कुछ दारोगा व अन्य लोग शामिल दिख रहे हैं। जिनमें एक युवक बसपा नेता मुनकाद अली का बेटा चेयरपर्सनपति सलमान मुनकाद और दूसरा युवक जानलेवा हमले का कथित आरोपी/हिस्ट्रीशीटर सपा नेता नदीम असीलपुर बताया गया है।
जन्मदिन पार्टी में खूब जाम छलकने की बात भी सामने आ रही है। वायरल तस्वीर देख पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बता दें कि नरेश कुमार किठौर के साइफन चौकी इंचार्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक अरविंद मोहन शर्मा के अवकाश पर चलते उन्हें कार्यवाहक थाना प्रभारी बनाया हुआ है।
थाने में बर्थडे पार्टी मनाई गई है। जिसमें कुछ पुलिस कर्मी व बाहरी लोग शामिल हैं। इनमें एक युवक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, लेकिन चेक करा लिया गया है। हिस्ट्रीशीटर कोई नहीं है। बाहरी लोग खुद पहुंचे या उनको बुलवाया गया इसकी जांच सीओ किठौर से कराई जा रही है। -केशव मिश्र, एसपी देहात

