- एसएसपी ने बच्चे को बरामद करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: थाना खरखौदा क्षेत्र से अपहृत आठ वर्षीय बालक प्रियांशु को खरखौदा पुलिस व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने 18 घंटे में सकुशल बरामद कर परेशान मां बाप के चेहरे पर खुशियां ला दी। एसएसपी ने बच्चे को बरामद करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
गत छह जनवरी को थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव बुढेरा जाहिदपुर निवासी आठ वर्षीय प्रियांशु पुत्र रोहित अपने घर के पास से खेलते समय अचानक गायब हो गया था। जिसको उसके परिवार वालो ने काफी तलाश किया किन्तु कोई खबर न मिलने पर बच्चे के माता-पिता ने थाना खरखौदा पर बच्चे के अपहरण व हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
बच्चे के अपहरण की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने एसओ खरखौदा व सर्विलांस की टीम को बालक की तत्काल बरामदगी को कहा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बालक को ले जाते हुए 38 वर्षीय सोनू पुत्र स्व रामेश्वर निवासी ग्राम जाहिदपुर थाना खरखौदा के रूप मे पहचान की।
सोनू चार वर्ष पूर्व होमगार्ड से बर्खास्त हो चुका है और नशे का आदि है। टीम ने परीक्षितगढ़ के पास से सोनू को गिरफ्तार कर बालक प्रियांशु को मात्र 18 घंटे मे सकुशल बरामद कर लिया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार के पुरस्कार की घोषणा की है।

