- दूसरे संप्रदाय के युवक से करती थी प्यार, कुछ समय पहले चली गई थी संग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: इंचौली थाना क्षेत्र के गांव नंगला शेखू में आनर किलिंग की घटना ने लोगों को दहला दिया। नाबालिग बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज बड़े भाई ने पहले उसकी घर में पिटाई की और जब वह बचकर सड़क पर भागी तो वही पीछे-पीछे वह भी आ गया और फिर सड़क पर ही पिटाई करते हुए गला दबाकर मार डाला। घटना के समय काफी भीड़ जमा हो गई, लेकिन सभी तमाशबीन बने रहे। किसी की हिम्मत रोकने की नहीं हुई। आधा घंटे बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला एनएच-34 मवाना रोड स्थित गांव नंगला शेखू का है। गांव में एक मुस्लिम परिवार रहता है। आठ भाई बहनों मेें सबसे छोटी बहन का गांव में एक-दूसरे समुदाय के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। चार माह पहले वह युवक के साथ चली गई थी। इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर युवक को जेल भेज दिया था। इतना सब होने के बावजूद किशोरी युवक के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी थी। इसको लेकर अक्सर घर में क्लेश हो रहा था। बताते हैं कि युवक व उसके परिजनों ने पुलिस के समक्ष आशंका जतायी थी कि किशोरी की उसके परिजन हत्या कर सकते हैं।
उसकी आये दिन पिटाई होती है, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बावजूद किशोरी और युवक दोनों आपस में संपर्क में थे। इसी मामले को लेकर बुधवार सुबह 11 बजे किशोरी की उसके भाई ने पिटाई कर दी। दरअसल, वह युवक के पास जाने की जिद कर रही थी। इसके चलते ही पिटाई की तो वह घर से भाग निकली और गांव की मुख्य सड़क पर आ गई। पीछे से भागता हुआ उसका बड़ा भाई भी आ गया और भागती बहन को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और पिटाई शुरू कर दी। इस बीच वहां भीड़ जुटनी शुरू हो गई, लेकिन किसी की भी उसे रोकने की हिम्मत नहीं हुई। तभी भाई ने छोटी बहन का गला घोंट दिया।
वह तड़फती रहीं, लेकिन किसी ने नहीं बचाया। कुछ ही मिनट में उसने तड़पकर दम तोड़ दिया। 20 मिनट तक किशोरी का शव सड़क पर ही पड़ा रहा। जबकि भाई घर पहुंच गया। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो डायल 112 मौके पर पहुंची और इंचौली पुलिस को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, इस संबंध में एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि इंचौली थाना क्षेत्र के गांव नंगला शेखू में नाबालिग की हत्या की घटना हुई है। मृतका दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम करती थी। परिजन उसकी शादी करना चाहते थे, लेकिन वह प्रेमी से शादी करने पर अड़ी थी। इसी को लेकर विवाद हुआ था जिसमें हत्या कर दी गयी। हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ली
घटनास्थल पर चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जिसमें से तीन ग्राम पंचायत के हैं और एक गेट के बाहर लगा था। पुलिस ने सबसे पहले उन कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली। साथ ही लोगों से मोबाइल में बनाई गई वीडियो के बारे में भी पूछताछ की। इंचौली थाना प्रभारी योगेंंद्र कुमार ने बताया कि मार्च माह में किशोरी एक युवक के साथ चली गई थी। उस समय दोनों को दूसरे राज्य से बरामद किया गया था। उसके बाद परिजनों ने युवक पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद युवक को जेल भेज दिया गया था। अब इस घटना में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।

