जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जयपुर की सीमा से सटे चाकसू इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे 52 (कोटा-जयपुर हाईवे) पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार चला रहे चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
मध्य प्रदेश से जयपुर आ रहे थे सभी यात्री
चाकसू थाना एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि कार में सवार सभी लोग Madhya Pradesh से जयपुर आ रहे थे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सभी मृतक जबलपुर के निवासी थे। वे महाकाल के दर्शन के बाद खाटू श्याम जा रहे थे।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम
दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए
पुलिस ने सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतकों की पहचान परिजनों के पहुंचने के बाद की जाएगी और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

