जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: ओडिशा के झारसुगुड़ा में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने बताया कि यह हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। ट्रेलर ने पुलिस की एसयूवी को टक्कर मार दी, जिसमें कुल आठ पुलिसकर्मी सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच जवानों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया गया है कि सभी पुलिसकर्मी एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे की जांच की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हादसे पर भाजपा विधायक ने जताया शोक
घटना पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक तंकाधार त्रिपाठी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दिल दहला देने वाली घटना है। किसी ने इसकी कल्पना भी नहीं की थी। सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।”

