जनवाणी ब्यूरो।
नई दिल्ली: मेक्सिको में हुए रेल हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि नौसेना ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
राष्ट्रपति ने कहा कि राहत और बचाव के लिए सरकारी एजेंसियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया है। साथ ही, गवर्नर सोलोमन जारा को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बता दें कि इस रेल सेवा की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी और सरकार इसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानते हुए इसके विस्तार और विकास पर लगातार काम कर रही है।
गवर्नर का बयान
राष्ट्रपति शिनबाम के निर्देश पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। ओक्साका के गवर्नर सोलोमन जारा ने बताया कि रेल हादसे का शिकार हुए 60 से अधिक यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
गंभीर रूप से घायल लोगों को रेफर किया
गवर्नर सोलोमन ने एक्स हैंडल पर जारी बयान में लिखा, 11 लोगों का इलाज स्यूदाद इक्स्टेपेक के जनरल हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। 22 घायलों को जुचिटान के जनरल हॉस्पिटल भेजा गया है, जबकि 29 घायल यात्रियों को माटियास रोमेरो के IMSS ज़ोन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को तेहुआंतेपेक के जनरल हॉस्पिटल में भेजा गया। पांच अन्य घायलों को सलीना क्रूज जनरल हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
हादसे के तत्काल बाद मिली जानकारी
दुर्घटना के तत्काल बाद गवर्नर ने बयान जारी किया। निजांडा के पास हुई रेल दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए उन्होंने बताया कि हादसे के समय ट्रेन में 250 लोग सवार थे। 139 यात्री सुरक्षित हैं। जान गंवाने वाले 13 मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए गवर्नर ने कहा, सरकार हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रपति ने कहा
इसके अलावा राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा, नौसेना सचिवालय से मिली सूचना के मुताबिक अंतरमहासागरीय रेल दुर्घटना में 13 लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा, ‘नौसेना सचिव और गृह मंत्रालय के उप सचिव को घटनास्थल पर जाकर मृतकों के परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने का निर्देश दिया गया है।
यह अंतरमहासागरीय रेल सेवा क्यों खास है?
गौरतलब है कि जिस रेल मार्ग पर हादसा हुआ है, यह मेक्सिको की सरकार के लिए बेहद अहम है। अमेरिका के साथ तनातनी के बीच इस उत्तरी अमेरिकी देश की सरकार पानी से घिरे भूभाग को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक रणनीतिक गलियारे में बदलने का प्रयास कर रही है। खबरों के मुताबिक इस इलाके में आने वाले समय में और बंदरगाह और रेल लाइनें होंगी जो अटलांटिक और प्रशांत महासागरों को जोड़ने में मददगार साबित होगी। फिलहाल जिस पटरी पर हादसा हुआ है, इस पर ट्रेन का संचालन सलीना क्रूज बंदरगाह से कोएट्ज़ाकोल्कोस के बीच होता है, जिसकी लंबाई 290 किलोमीटर है।

