- वक्फ बोर्ड पहुंचा मामला, डीएम से भी शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वक्फ प्रॉपर्टी को खुर्द बुर्द करने का एक और मामला प्रकाश में आया है। इसकी शिकायत वक्फ बोर्ड से लेकर जिलाधिकारी तक से की गई है। मामले में वक्फ बोर्ड ने संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के अन्तर्गत कबाड़ी बाजार में वक्फ संख्या 526 है। यह एक कमर्शियल प्रॉपर्टी है। बताया जाता है कि यह प्रॉपर्टी अनार वाली मस्जिद के अंतर्गत है। इसके मुुतवल्ली नदीम अशरफ हैं।
आरोप है कि मुतवल्ली नदीम अशरफ ने उक्त प्रॉपर्टी को एक साथ दो लोगों को आवंटित कर दिया तथा दोनों के नाम रसीद काट दी गई। इस संबंध में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्य समीति के सदस्य काजी शादाब ने वक्फ बोर्ड से लेकर जिलाधिकारी तक से इसकी शिकायत की है तथा आरोपी मुतवल्ली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि मुतवल्ली ने संबधित दोनों पार्टियों से आर्थिक लेनदेन भी किया है।
जांच के बाद होगी: बोर्ड
इस पूरे मामले में काजी शादाब ने वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष जुफर फारुखी को भी अवगत करा दिया है। बकौल काजी शादाब बोर्ड ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है तथा बोर्ड के अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि वो इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कराएंगे और यदि शिकायत सही पाई गई तो वो दोषी मुतवल्ली के खिलाफ मुकदमा कायम करवाएंगे।
दोनों पार्टियों में विवाद
काजी शादाब ने बताया कि एक ही वक्फ प्रॉपर्टी दो लोगों को आवंटित होने के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई है तथा दोनों पार्टियों ने प्रॉपर्टी पर अपनी रसीदें दिखाते हुए अपना हक जताया है। बताया जाता है कि एक रसीद फरहीन खानम पत्नी मो. फैसल व दूसरी रसीद जुनैद अहमद पुत्र जमील के नाम काटी गई है। उधर, इस संबंध में जब संबंधित मुतवल्ली से जानकारी हासिल करनी चाही तो उनका मोबाइल स्विच आॅफ जाता रहा।

