
मई का महीना आ चुका है और भारत के अधिकांश क्षेत्रों में इस समय गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। गर्मियों में पारा बढ़ने के साथ ही खाने-पीने की चीजों में तत्काल बदलाव लाना जरूरी हो जाता है, ताकि चिलचिलाती गर्मी में ठंडक पाने के उपाय ढूंढें जा सके। एंडटीवी के कलाकारों ने गर्मी को मात देने के अपने कूल समर डाइट्स के बारे में बताया। कपिल निर्मला ऊर्फ ‘बाल शिव’ के ताड़कासुर ने कहा, ‘इन दिनों तरबूज मेरे दैनिक आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है और इसके साथ ही मैंने आम पन्ना और छाछ जैसे दूसरे समर कूलर्स भी पीना शुरू कर दिया है।
यह विटामिन सी और एंटीआॅक्सीडेंट्स से भरपूर साइट्रिक फलों का सेवन करने का बिल्कुल सही समय है। मैं सभी लोगों को सलाह देना चाहूंगा कि आम को खाने से पहले से उसे कुछ घंटों के लिये पानी में डुबो कर जरूर रखें, ताकि उसकी गर्मी निकल जाये। आम का रस निकालकर उसे रेफ्रिजरेटर में रखें और फिर ठंडा होने के बाद पीयें। यह गर्मी में आपके स्वास्थ्य को बेहतर रखने में बहुत कारगर भूमिका निभाता है।’ अंबरीश बॉबी ने कहा, ‘इस बात का ख्याल रखें कि गर्मियों में खूब पानी पीयें और घर से से बाहर निकलने से पहले नींबू पानी जैसे ड्रिंक का सेवन जरूर करें।
मुझे गर्मियों में अपने हाथों की बनी शिकंजी बहुत पसंद है, जिसमें मैं थोड़ी सी पुदीने की पत्तियां और चुटकी भर चीनी भी डालता हूं। ऊर्जा से भरपूर यह पेय पदार्थ सबसे ज्यादा रिफ्रेशिंग ड्रिंक है, जिसे मैं गर्मियों में सभी को पीने की सलाह देना चाहूंगा।’ सपना सिकरवार ने कहा, ‘दही मेरा एक पसंदीदा फूड है और गर्मियों के दौरान प्रोबायोटिक्स का एक बेहतरीन स्रोत है। गर्मियों के दिनों में लस्सी और छाछ मेरे पसंदीदा ड्रिंक्स हैं। शूट के बाद जब भी मेरे पास समय होता है, मैं लस्सी पीती हूं। छाछ दूसरा सबसे अच्छा विकल्प है, क्योंकि यह ठंडा होता है, इसमें लैक्टिक एसिड होते हैं और यह पाचन में मदद करता है।
विदिशा श्रीवास्तव ने कहा, ‘मैं फल खाना पसंद करती हूं, क्योंकि इनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है। मिक्स्ड फ्रूट सलाद पर काली मिर्च, जीरा पाउडर और थोड़ा सा नमक छिड़ककर खाना मुझे बहुत अच्छा लगता है। मैं इसमें अलग-अलग तरह के फल डालती हूं, जैसे कि तरबूज, आम, अंगूर, संतरा, अन्नानास और बेरीज। खीरा और टमाटर में ढेर सारे पोषक तत्व होते हैं और लंचटाइम में मैं इन्हें जरूर खाती हूं। मैं सभी लोगों को गर्मियों में खीरे वाला पानी पीने की सलाह भी देना चाहूंगी।’


