- प्रधानाचार्य का बिना सर्विस पंजिका के ही अपलोड कर दिया डाटा
- कटघरे में शिक्षा विभाग के अधिकारी उत्तर प्रदेश स्नातक संघ ने उठाई जांच कराने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ मनोज कुमार आए दिन चर्चा में रहते हैं। प्रधानाचार्य की मानव संपदा पर डाटा बिना सर्विस पंजिका के शिक्षा विभाग के अफसरों ने अपलोड करा दिया। प्रधानाचार्य की सर्विस पंजिका कहां है किसी को पता नहीं। मामले को उत्तर प्रदेश स्नातक संघ ने जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ मनोज कुमार लंबे अरसे से चर्चा में है। कई बार उन पर विद्यालय में गड़बड़ी करने के आरोप भी लगते रहे हैं। हद तो तब हो गई जब प्रधानाचार्य की मानव संपदा पर डाटा बिना सर्विस पंजिका के शिक्षा विभाग के अफसरों ने अपलोड कर दिया।
डीआईओएस कार्यालय के सूत्रों की माने तो डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ मनोज कुमार की सर्विस पंजिका उनके कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। बताया जाता है कि प्रधानाचार्य की हाई स्कूल की अंक तालिका व प्रमाण पत्र की शिकायत कई बार जिला विद्यालय निरीक्षक को की गई। उसके उपरांत जेडी को भी इस मामले में जांच करने की मांग की जा चुकी है पर नेताओं से सांठगांठ के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
बिना सर्विस पंजिका के मानव संपदा पर डाटा अपलोड करने के मामले को अब उत्तर प्रदेश स्नातक संघ ने उठाया है। संघ के संयोजक डॉ सुबोध चंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष विशाल वत्स व जिला महामंत्री चंदू सिंह ने शिक्षा विभाग के अफसरों से इस प्रकरण की जांच करने की मांग की है ।ताकि प्रधानाचार्य का डाटा मानव संपदा पर बिना सर्विस बुक के कैसे अपलोड कर लिया गया। इसकी निष्पक्ष जांच हुई तो शिक्षा विभाग के कई अधिकारी अधिकारियों पर भी गाज गिरनी तय माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश स्नातक संघ की ओर से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है कि प्रधानाचार्य की सर्विस बुक गुम हुए तीन वर्ष बीत गए हैं। पर अधिकारियों को बार-बार कहने के बावजूद भी अभी तक प्रधानाचार्य की सर्विस बुक की सच्चाई किसी के सामने नहीं आई है। बताया जाता है कि मानव संपदा में मूल रूप से प्रमाण पत्र और सेवा पुस्तिका उपलब्ध न होने के बाद भी उनकी प्रविष्टी करवा ली गई जो सरासर गलत है।
संघ ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। संघ ने प्रधानाचार्य की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं ।संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि डीआईओएस व जेडी को डॉ मनोज कुमार अच्छा प्रधानाचार्य मानते हैं। तो उन्हें एक साल के लिए केएम इंटर कॉलेज धामपुर में शिफ्ट कर दिया जाए क्योंकि वहां के अध्यक्ष जिला अधिकारी एवं प्रबंधक उप जिलाधिकारी धामपुर होते हैं। ताकि प्रशासन को भी उन उनकी कार्य शैली का पता लग सके। प्रदेश स्नातक संघ ने दावा किया है कि डीएवी इंटर कॉलेज में लगातार व्यवस्था गड़बड़ा रही है।

