जनवाणी संवाददाता |
मंसूरपुर: गृह क्लेश के चलते पति ने नवविवाहिता पत्नी की मोबाइल डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। खुद ही पुलिस को घटना के बारे में अवगत भी करा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और पैसों के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पति समेत तीन के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार भी लगाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव पुरबालियान निवासी साबिर पुत्र मोहम्मद अली लोनी गाजियाबाद में हेयर सैलून की दुकान करता था। पास में ही अशोक विहार लोनी निवासी जोया पुत्री मुकीम भी ब्यूटी पार्लर की दुकान करती थी।
दुकान पास होने पर दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया और परिजनों की सहमति से करीब 6 माह पहले निकाह करने के बाद साबिर अपनी पत्नी जोया को गांव पुरबालियान ले आया और गांव में ही उसने हेयर सैलून की दुकान भी खोल ली थी।
कुछ दिन तक तो ठीक रहा लेकिन, धीरे-धीरे दोनों में अनबन रहने लगी। रोज-रोज घर में कहासुनी होने के चलते परेशान होकर शनिवार देर रात्रि साबिर ने पत्नी जोया की मोबाइल की डाटा केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी तथा स्वयं ही पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी भी दे दी।
सूचना पर तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर मोबाइल डाटा केबल भी बरामद कर ली। इसके बाद मृतका के परिजनों को मामले की जानकारी दी।
रविवार सुबह मृतका के परिजन गांव पहुंचे और मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। उसके बैंक खाते में करीब चार लाख रुपये थे जिसको हड़पने का साबिर बार-बार प्रयास कर रहा था।
जोया ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया तो उसने इसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता मुकीम ने साबिर के पिता मोहम्मद अली तथा एक भाई के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
इस मामले में सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। मृतका के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं पुलिस की लिखा पढ़ी में अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी दर्शाई नहीं गई है।
इस मामले में आरोपी पति साबिर का कहना है कि उसकी पत्नी जोया का किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।जिसके चलते उसने कई बार इसका विरोध किया। मगर, वह मान नहीं रही थी। गुस्से में आकर साबिर ने करीब 15 दिन पहले खुद आत्महत्या करने की कोशिश की थी। तब उसके परिजनों ने उसे बचा लिया था।

