जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बृहद हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के 150 वार्डों के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। मतदान सुबह सात से बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। 74,44,260 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस चुनाव में 150 सीटों पर 1,122 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें 150 पार्षद चुने जाने हैं।
इस चुनाव को बीजेपी ने इस बार दिलचस्प बना दिया है। दरअसल, हैदराबाद को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का गढ़ माना जाता है और बीजेपी ओवैसी के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। जिसकी शुरुआत बीजेपी ने निकाय चुनाव में अपना आधार मजबूत करने से कर दी है। वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू है और शाम छह बजे तक मतदान होगी। नतीजों की घोषणा चार दिसंबर को होगी।
पिछली बार टीआरएस ने मारी थी बाजी
पिछली बार इस चुनाव में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पार्टी लंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने बाजी मारी थी। टीआरएस को 99 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के खाते में भी 44 सीटें गई थीं। लेकिन इस बार बीजेपी ने इस लड़ाई को त्रिकोणीय बना दिया है।
बीजेपी को मिली थीं सिर्फ चार सीटें
उस चुनाव बीजेपी का प्रदर्शन यहां कुछ खास नहीं रहा। बीजेपी दहाई की गिनती में भी सीटें नहीं जीत पाई थी। बीजेपी को पिछले चुनाव में महज चार सीटें ही मिली थी। इसके बाद कांग्रेस को दो वार्ड और टीडीपी को एक वार्ड में जीत मिली थी।
ये होती है पार्षदों की ज़िम्मेदारी
बता दें कि किसी भी शहर में प्रशासन और आधारभूत ढांचे के निर्माण की ज़िम्मेदारी पार्षदों की होती है। इमारत और सड़क निर्माण, कूड़े का निपटारा, सरकारी स्कूल, स्ट्रीट लाइट, सड़कों का रखरखाव, शहर योजना, साफ-सफाई और स्वास्थ्य ऐसे मसले हैं जो नगर निगम संभालता है।
अब तक का अपडेट-
गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने वोट डाला।
Hyderabad, Telangana: MoS (Home) G Kishan Reddy casts his vote for #GHMCElections2020 https://t.co/GUxv5cSnCI pic.twitter.com/GtzKYHdiSK
— ANI (@ANI) December 1, 2020
48,000 चुनाव कर्मियों और 52,500 पुलिस कर्मियों की तैनाती
तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने चुनाव प्रक्रिया के लिए बृहद पैमाने पर तैयारी की है, जिसमें 48,000 चुनाव कर्मियों और 52,500 पुलिस कर्मियों की तैनाती शामिल है।
आयोग ने बताया था कि प्रमुख राजनीतिक पार्टियों, कोविड-19 के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की राय और अन्य प्रासंगिक मुद्दों पर गौर करने के बाद उसने मतपत्र से चुनाव कराने का फैसला किया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त सी पार्थसार्थी ने लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
इस चुनाव के लिए बड़े पैमाने पर चुनाव प्रचार किया गया। राज्य विधानसभा की दुबक सीट पर हाल में हुए उपचुनाव में जीत के बाद भाजपा ने जीएचएमसी चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा की चुनाव प्रचार की रणनीति पार्टी महासचिव भूपेंद्र यादव ने बनाई, जो बिहार विधानसभा चुनाव के भी पार्टी प्रभारी थे।
भाजपा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, स्मृति ईरानी और गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी, जो सिकंदराबाद से सांसद हैं, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने प्रचार किया।

