- राशन कार्ड में सभी सदस्यों की होगी ई-केवाईसी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सरकारी राशन योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थियों को हर हाल में ई-केवाईसी करानी होगी, नहीं तो उनका राशन कट जाएगा। शासन की ओर से फिर से पोर्टल शुरू कर दिया गया है। अब तीन माह का समय दिया गया है। इन तीन माह के भीतर जो अपनी केवाईसी नहीं कराएगा, उनके राशन कार्ड की जांच कराकर उसे काट दिया जाएगा। इसके लिए सख्ती बरती जा रही है।
जिलापूर्ति अधिकारी विनय सिंह ने बताया कि करीब 15 दिनों के बाद फिर से पोर्टल शुरू हो गया है। राशन डीलरों को जल्द से जल्द शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं। हालांकि पोर्टल धीमी गति से चलने की वजह से दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। ऐसे में कार्ड धारकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। अब तक जिले में 25 प्रतिशत लोगों की ही ई-केवाईसी हो सकी है।
उन्होंने बताया कि जिले में पांच लाख से अधिक राशन कार्ड है, जिनमें 55 लाख यूनिट है। इन सभी की ई-केवाईसी होनी है। सभी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर ई-केवाईसी के लिए भीड़ लगने लगी है। पोर्टल की धीमी गति ई-केवाईसी में परेशानी पैदा कर रही है। जिलापूर्ति अधिकारी विनय सिंह ने बताया कि तीन माह का समय दिया जा रहा है। इसके बाद जिन यूनिट की केवाईसी नहीं होगी, उन्हें पहले नोटिस देकर एक मौका दिया जाएगा।
अगर तब भी ई-केवाईसी नहीं कराई गई तो फिर जांच कराकर उस यूनिट को राशन कार्ड से काट दिया जाएगा। जिसे दोबारा से जुड़वाना मुश्किल भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से ई-केवाईसी नहीं हो पा रही थी। ऊपर से ही ई-केवाईसी का कार्य बंद कर दिया गया था। अब फिर से पोर्टल शुरू हो गया है। ऐसे में सभी राशन डीलरों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।

