- घटना से पूरे इलाके में फैली दहशत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के जैद गार्डन में मस्जिद में घुसकर इमाम को गोली मार दी। वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना से लोग दहशत में हैं। उनका कहना है कि यदि मस्जिद में घुसकर भी बदमाश हमले करेंगे तो फिर पुलिस सुरक्षा के तो दावे ही बेमाने हैं। इस घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
जैद गार्डन स्थित मस्जिद में इमाम नईम पुत्र नजर मोहम्मद निवासी मुरलीपुरा करीब सात साल इमामत कर रहे हैं। मस्जिद में वह कुछ बच्चों को अरबी की तालीम भी देते हैं।
रविवार की सुबह करीब सात बजे मासूम साकिर बिलाल व उस्मान को दीनी शिक्षा दे रहे थे। बताया जाता है कि उसी दौरान अचानक समीप में रहने वाला सरताज दनदनाता हुआ मस्जिद के भीतर दाखिल हुआ। उसके हाथ में तमंचा था। उसने वहां पहुंचते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए। इमाम नईम से कहाकि कि आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ूगा। इतना कहते ही उसने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली नईम को जा लगी। गोली लगते ही फर्श पर गिरकर तड़पने लगे।
आसपास खून फैल गया। इमाम की हालत देखकर मस्जिद में मौजूद बच्चे बुरी तरह से घबरा कर रोने लगे। रोते हुए वो बाहर की ओर भागे। इस बीच सरताज को बाहर की ओर भागते व बच्चों को बुरी तरह से बिखलते देखकर आसपास के लोग भीतर पहुंचे तो वहां इमाम को फर्श पर तड़पते हुए देखा। कुछ ही देर में इमाम को गोली मारे जाने की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गयी।
आसपास के लोगों ने मौलाना को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच सूचना पाकर मस्जिद में इमाम को गोली मारे जाने की खबर मिलने पर मौके पर पहुंची भी पहुुंच गयी। लोगों और वहां वारदात के वक्त मौजूद बच्चों से घटना की जानकारी ली। पुलिस को बताया गया कि गोली मारने के बाद सरताज मस्जिद में ही तमंचा फैंककर फरार हो गया।
पुलिस पर फूटा गुस्सा
मस्जिद में घुसकर इमाम को गोली मारे जाने और इस वारदात को लेकर लिसाड़ीगेट पुलिस के रवैये से आसपास के लोगों में जबरदस्त नाराजगी हे। उनका आरोप है कि पुलिस वाले घटना को आत्महत्या के प्रयास का रंग देने की कोशिश कर रहे थे। जब विरोध किया तो पुलिस वालों ने उठाकर बंदकर देने की धमकी दी। पुलिस के रवैये से लोगों में आक्रोश फूट गया। उन्होंने मामले की जानकारी एसएसपी को देने की बात कही। मामला पलटा देखकर बाद में पुलिस वाले मामले की जांच की बात कहने लगे। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

