नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार वार्ता को लेकर सकारात्मक उम्मीदों ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में रौनक ला दी। शुरुआती कारोबार में निवेशकों ने उत्साह दिखाया और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले। सेंसेक्स 201.69 अंकों की बढ़त के साथ 81,987.43 पर पहुंचा। 52.8 अंक चढ़कर 25,122 पर पहुंचा।
किसे होगा फायदा
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और एनटीपीसी सबसे ज्यादा फायदे में रहीं।
किसे होगा नुकसान
हालांकि, टाइटन, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक पिछड़ते नजर आए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,268.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
इन बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.19 प्रतिशत बढ़कर 67.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीते दिन का हाल
इससे पहले सोमवार को पांच दिनों की तेजी के बाद सेंसेक्स 118.96 अंक या 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,785.74 पर बंद हुआ था। निफ्टी 44.80 अंक या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,069.20 पर बंद हुआ था, जिससे आठ दिनों की तेजी थम गई।

