- एसएसपी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी का किया स्थानांतरण
- श्रद्धालुओं व व्यापारियों ने अभद्रता के लगाए थे आरोप
जनवाणी संवाददात |
कैराना: करीब एक पखवाड़ा पूर्व नगर के 2 प्राचीन मंदिरों में हुई चोरी प्रकरणों में खुलासा न होने तथा प्रकरण में सीओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद एसएसपी ने सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना को पुलिस लाइन/ यातायात सीओ के पद पर और अमरदीप मौर्य को सीओ कैराना के पद पर स्थानांतरित किया है।
22 अगस्त को प्राचीन बाला सुंदरी देवी मंदिर चोरों ने धावा बोलकर मंदिर के अंदर रखें लाखों रुपये की कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस लगातार चोरी के घटना के खुलासे में लगी हुई थी कि इसी दौरान 29 अगस्त को दिनदहाड़े करीब 4 बजे चोरों ने उसी परिसर में मौजूद दुसरे प्राचीन बाबा बनखंडी महादेव मंदिर का ताला तोड़कर शिवलिंग के ऊपर लगे शेषनाग को तोड़ कर एक चांदी का छत्र भी चोरी कर लिया था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना, कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान पुलिस चौकी इंचार्ज बंटी सिंह मौके पर पहुंचे थे। घटना से क्षुब्ध सैकड़ों व्यापारी चौक बाजार में धरने पर बैठ गए थे। लगातार तीन दिन तक धरना-प्रदर्शन चलता रहा।
धरनारत व्यापारियों व श्रद्धालुओं ने सीओ व कोतवाल को तुरंत सस्पेंड करने तथा शीघ्र प्राचीन मंदिरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा किए जाने की मांग की थी। मामले में राजनीति शुरू हो गई। तीसरे दिन धरनारत लोगों ने एडीएम संतोष कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक मांग पत्र सौंप कर धरना समाप्त कर दिया था। घटना के खुलासे के लिए 3 सितंबर का समय भी दिया था, लेकिन आज तक घटना का खुलासा नहीं हो सका। मंगलवार की देर रात एसएसपी अभिषेक ने पुलिस क्षेत्राधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करने के आदेश जारी कर दिए। जिसमें उनके द्वारा कैराना पुलिस क्षेत्राधिकारी बिजेंद्र सिंह भड़ाना को पुलिस लाइन/ यातायात भेजा गया।
वहीं उनके स्थान पर अमरदीप मौर्य को कैराना का नया पुलिस क्षेत्राधिकारी बना दिया गया हैं। वहीं एसएसपी द्वारा दोनों घटनाओं के बाद जिस तरह पुलिस क्षेत्राधिकारियो के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया हैं उससे यहीं लग रहा हैं कि कैराना सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना पर आखिर प्राचीन मंदिर चोरी प्रकरण में लापरवाही बरतने पर गाज गिर ही गई हैं।

