जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया है। यह टीम की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
बता दें कि आज बुधवार को टी20 विश्वकप मैच में वेस्टइंडीज ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 118 रन बना लिए। इस दौरान ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य को 18.1 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। हरमनप्रीत कौर ने 33 और ऋचा घोष ने नाबाद 44 रन बनाए।
भारत ने अपने पहले 2 मुकाबले जीतकर नॉकआउट के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है।
दीप्ति ने राजेश्वरी की गेंद पर 16वें ओवर में शडीन नेशन का कैच टपका दिया। इस बल्लेबाज ने अगले ओवर में देविका वैद्य के खिलाफ 2 चौके जड़ टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। रेणुका ने 19वें ओवर में अपने कोटे की आखिरी गेंद पर शकीबा गजनबी (15 रन) को आउट किया तो वहीं दीप्ति ने आखिरी ओवर में सिर्फ 3 रन दिये और एफी फ्लेचर (0) का विकेट लिया। नेशन 18 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहीं।

