जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें लगातार सातवें दिन भी बड़ी संख्या में रद्द हो रही हैं। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाकर तत्काल दखल देने का आग्रह किया गया था। हालांकि, शीर्ष न्यायालय ने सुनवाई से इनकार कर दिया और कहा कि सरकार ने इस मामले का संज्ञान लिया है और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
सीजेआई एन.वी. सूर्यकांत ने कहा, “हम जानते हैं कि लाखों लोग फंसे हुए हैं। हो सकता है कि उनमें से कुछ का जरूरी काम हो और वे नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन भारत सरकार ने समय पर कदम उठाए हैं। फिलहाल हमें कोई तात्कालिकता नहीं दिखती।”
मुख्य एयरपोर्ट्स पर उड़ानों का हाल
अहमदाबाद एयरपोर्ट: सुबह आठ बजे तक इंडिगो की 18 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 9 प्रस्थान और 9 आगमन शामिल हैं। वहीं, इस दौरान 21 उड़ानें सामान्य रूप से चलीं (7 आगमन और 14 प्रस्थान)। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि टर्मिनल और रनवे संचालन सामान्य है और यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।
बंगलूरू (केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट): इंडिगो की 127 उड़ानें रद्द, 65 आगमन और 62 प्रस्थान प्रभावित।
हैदराबाद (राजीव गांधी एयरपोर्ट): इंडिगो की 77 उड़ानें रद्द, 38 आगमन और 39 प्रस्थान।
दिल्ली (इंदिरा गांधी एयरपोर्ट): सबसे अधिक प्रभावित, 134 उड़ानें रद्द, 75 प्रस्थान और 59 आगमन।
अन्य एयरपोर्ट्स: चेन्नई, मुंबई, गुजरात के सूरत, गुवाहाटी और जयपुर पर भी कई इंडिगो की उड़ानें प्रभावित रहीं। जयपुर में हैदराबाद, चेन्नई और दिल्ली के लिए कई उड़ानें रद्द हुईं। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी।
यात्रियों के लिए आईजीआई एडवाइजरी
दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया कि घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि लंबी कतारों और देरी से बचा जा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, इंडिगो की उड़ानों में लगातार रद्द होने के पीछे ऑपरेशनल समस्याएं और एफडीटीएल नियमों के पालन में देरी प्रमुख कारण हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल एप से फ्लाइट अपडेट लगातार चेक करते रहें।

