- फलों के दामों में हुई बढ़ोत्तरी, केला पहली बार 100 के पार पहुंचा
- आज से शुरु हो रहे नवरात्र, पूजन सामग्री खरीदने के लिए बाजार में दिखी भीड़
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नवरात्र व रमजान शुरू होने से पहले ही फलों की कीमतों पर महंगाई छा गई है। वहीं, नवरात्र की पूजा सामग्री पर भी महंगाई का असर देखने को मिला। मंगलवार को नवरात्र को लेकर बाजारों में पूजा सामग्री खरीदने के लिए काफी भीड़ दिखाई दी। वहीं, देवी के नौ रुपों की पूजा की तैयारी शहर के सभी देवी मंदिरों में भी गई। 22 मार्च यानि आज से नवरात्र का पर्व शुरू हो रहा है।
पूजन सामग्री खरीदने के लिए लालकुर्ती, सदर, लाला बाजार, सेंट्रल मार्केट आदि जगहों पर काफी भीड़ रही। नवरात्र पूजन के लिए भक्तों ने मां की चुनरी, देवी मूर्ति, वस्त्र, नारियल आदि खरीदा। वहीं, श्रद्धालु उपहास के दौरान फलहार करेंगे, जिस पर महंगाई की मार है और केला, सेब, अंगूर, पपीता, चीकू आदि के दामों में उछाल आ गया है।

गौर करने वाली बात यह है कि 60 से 80 रुपये दर्जन मिलने वाला केला नवरात्र से एक दिन पहले 100 से 120 रुपये दर्जन बिका। मंगल सेन किराना स्टोर के संचालक पवन बताते हैं कि पूजन सामग्री की बात करे तो उसके दामों में भी 20 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है।
कितना महंगा हुआ है सामान
माता की चुनरी 30 से 1000 रुपये तक
तिल का तेल 130 से 300 रुपये तक
कपूर 90 रुपये
कुट्टू आटा 90 से 120 रुपये किलो
नारियल 30 से 40 रुपये
फल के दाम
केला 100 से 120
अंगूर 60 से 80
सेब 100 से 150
पपीता 50 से 60
चीकू 60 से 70


