- व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर थाने में हुई बैठक, कई मुद्दो पर हुई चर्चा
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: कोतवाली थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस संकल्परत है परंतु व्यापारियों को भी अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक होना होगा। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे सुरक्षा मजबूत करने के लिए अपने संस्थानों व प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और रात्रि में दुकानों के आगे प्रकाश की व्यवस्था करें ताकि गश्त करने वाली पुलिस टीम को रात्रि में आसानी हो सके। वहीं कई मुद्दों पर व्यापारियों व पुलिस का आपसी तालमेल पर संवाद भी हुआ।
रविवार को शाम कोतवाली थाना परिसर में व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में व्यापारी सुरक्षा फोरम, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सहित नगर के गणमान्यों की बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा व नगर की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।
व्यापार मंडल के सदस्यों ने नगर के आबादी क्षेत्र में वाहनों की पुलिस चैकिंग करने व उनके चालान काटे जाने संबंधी बात रखी जिस पर कोतवाल ने कहा कि नगर के आबादी क्षेत्र में भी वाहन चालक खुद नियमों का पालन करे तो उनके हित में होगा।
पुलिस का प्रयास होगा वाहन चालकों को नियमों के संबंध में जागरूक किया जाएगा शहर के अंदर एक बार समझा कर बिना चालान काटे छोड़ दिया जाएगा, लेकिन शहर के बाहर वाहन चैकिंग किए जाएगे। इसके अलावा नगर के माल गोदाम तिराहे पर डग्गामार वाहनों से हो रही परेशानी, नगर में जाम की समस्या को देखते हुए ई-रिक्शाओं को वन वे करने पर सहमति हुई।
वहीं कोतवाल ने व्यापारियों से कहा कि वे सुरक्षा मजबूत करने के लिए अपने संस्थानों व प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और रात्रि में दुकानों के आगे प्रकाश की व्यवस्था करें ताकि गश्त करने वाली पुलिस टीम को रात्रि में आसानी हो सके।
व्यापार मंडल के सदस्यो में व्यापारी सुरक्षा फोरम के संजीव अग्रवाल, कमल बंधू, सुनील, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के कपिल सर्राफ, राजन टंडन गोल्डी, अभिषेक तड़ियाल, हर्षित सर्राफ व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के शिव कुमार माहेश्वरी, नईम टाटा, आयशा सिद्दीकी, नवीन चतुर्वेदी आदि तमाम व्यापारी शामिल रहे।

