- जिलाधिकारी ने की बकाया गन्ना भुगतान की समीक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गुरुवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने चीनी मिल वार किसानों के देय भुगतान की स्थिति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि शामली चीनी मिल द्वारा 338.54 करोड़ के सापेक्ष 195.23 करोड का भुगतान किया है। इसके अलावा ऊन चीनी मिल द्वारा 337.22 करोड के सापेक्ष 176.66 करोड का भुगतान किया है। इसी तरह थानाभवन चीनी मिल द्वारा 490.82 करोड़ भुगतान के सापेक्ष 243.84 करोड का भुगतान किया है।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चीनी मिलों के प्रतिनिधियों को शत प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिलाधिकारी ने पेराई सत्र 2019-20 का भुगतान पूर्ण कराने को लेकर चीनी मिल थानाभवन को प्रत्येक माह लगभग 50 करोड रुपये एवं चीनी मिल शामली को द्वारा प्रत्येक माह लगभग 40 करोड का भुगतान करने के कठोर निर्देश दिए। वहीं बैठक में चीनी मिल ऊन के प्रतिनिधि महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार अहलावत ने बताया कि उनकी चीनी मिल द्वारा पेराई सत्र 2019-20 का 15 दिसम्बर तक का भुगतान कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह, चीनी मिल शामली से चीफ ऑपरेटिंग हैड आरबी खोखर, गणना महाप्रबंधक डॉ कुलदीप पिलानिया, थानाभवन मिल के अकाउंट हैड विजित जैन एकाउन्ट, यूनिट हैड वीरपाल सिंह, गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर, ऊन मिल के अकाउंट हैड सुभाष बहुगुणा, गन्ना महाप्रबंधक अनिल कुमार अहलावत के अलावा भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार, जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान आदि उपस्थित रहे।

