- खेल उपकरणों की बढ़ने लगी मांग, उद्यमियों पर आ रहे आॅर्डर, खेल बाजार में भी लौटी रौनक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पिछले कुछ सालों की बात करें तो सभी व्यापारी ज्यादातर नुकसान झेलते आ रहे हैं, लेकिन अब कोरोना खत्म हुआ तो व्यापार की स्थिति भी ठीक हुई है। इसमें स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को भी बड़ी राहत मिली है। आईपीएल शुरू होने के बाद से आॅर्डरों की संख्या बढ़ी है। उद्यमियों के पास भी डिमांड है और स्पोर्ट्स मार्केट में भी काफी खरीदारी की जा रही है। आईपीएल पिछली बार भी हुआ था, लेकिन उस समय मैदान में भीड़ नहीं थी और स्कूल नहीं खुले थे, लेकिन इस बार स्कूल भी खुल चुके हैं और मैदानों में भीड़ खेल का लुत्फ उठा रही है। जिसका असर स्पोर्ट्स मार्केट पर पड़ा है। बाजार में अच्छी खासी डिमांड देखने में आ रही है।

पिछले तीन साल की बात करें तो कोरोना के कारण सभी जगहों पर उथल-पुथल मची हुई थी, लेकिन अब कोरोना खत्म हो चुका है। जिसका असर बाजारों में देखने को मिल रहा है। इसका असर स्पोर्ट्स इंडस्ट्री पर भी पड़ा है। मेरठ स्पोर्ट्स इंडस्ट्री का हब माना जाता है। यहां के खेल उपकरण विदेशों तक मशहूर हैं। अब वर्तमान में आईपीएल शुरू होने के बाद से स्पोर्ट्स इंडस्ट्री में बूम आ गया है। उद्यमियों के पास खेल उत्पादों के आॅर्डर भारी संख्या में है और इसे पूरा करने की तैयारी जोरों शोरों से चल रही है।
यहां सूरजकुंड मार्केट में भी दुकानों पर रौनक देखने को मिल रही है। यहां स्पोर्ट्स इंडस्ट्री की बात की जाये ता यहां एसएस, एसजी, पीआर, आरआर, बीडीएम, स्पोर्टलैंड, भल्ला स्पोर्ट्स, स्टैग इंटरनेशनल समेत तमाम बड़ी कंपनियां हैं जो खेल उपकरण बनाती है। इस समय सभी कंपनियों के पास आॅर्डरों की भरमार है और उन्हें तैयार कराया जा रहा है। आईपीएल के समय पर यह डिमांड पूरे देश से और अधिक बढ़ जाती है। जोकि ऐसा ही हो रहा है।
क्रिकेट किट की डिमांड बढ़ी
खेल उपकरणों की बात हो और क्रिकेट से जुड़ी चीजों की बात न हो तो बेकार है। यहां मेरठ में बड़ी संख्या में छोटी बड़ी कंपनियां क्रिकेट किट बनाने का भी कार्य करता है। इस बार क्रिकेट किट के आॅर्डर भी काफी संख्या में आ रहे हैं। आाईपीएल में दस टीमें मैदान में हैं और सभी की क्रिकेट किट एक से बढ़कर एक डिजाइन में हैं। क्रिकेट प्रेमी भी इस बार आईपीएल की टीमों के जैसी ही क्रिकेट किट यहां मेरठ से मंगा रहे हैं।
बालाजी स्पोर्ट्स के अभिषेक सागर ने बताया कि उनके पास बैंगलोर, दिल्ली, देहरादून समेत कई राज्यों के शहरों से आॅर्डर काफी संख्या में आ रहे हैं जो एक से बढ़कर एक कलर किट मांग रहे हैं। प्रिंटिंग व अन्य चीजें महंगी होने के कारण किट के रेट अधिक हैं, लेकिन डिमांड पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। क्रिकेट किट के साथ क्रिकेट बॉल के भी काफी आॅर्डर हैं जो पूरे किये जा रहे हैं।
आईपीएल के साथ इसी साल होना है 20-20 वर्ल्ड कप
आईपीएल शुरू हुए अभी 10 ही दिन हुए है, लेकिन स्पोर्ट्स मार्केट ने रफ्तार पकड़ ली है। उद्यमियों को इस साल बिजनेस अच्छा होने की उम्मीद है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष सुमनेश अग्रवाल ने बताया कि आईपीएल चल रहा है और इसी साल के अंत में 20-20 वर्ल्ड कप भी है। जिसका असर इंडस्ट्री पर पड़ना तय है। स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के पास खेल उपकरणों की डिमांड आ रही है और आने वाले समय को देखते हुए और भी अच्छी डिमांड आने की उम्मीद है।
उनकी खुद की कंपनी पीआर है जो कि क्रिकेट बैट और अन्य उपकरण बनाती है। वर्तमान में उनके पास अच्छी डिमांड है और वर्ल्ड कप को देखते हुए और भी अधिक डिमांड आने की उम्मीद है। हालांकि उन्होंने कहा कि डिमांड तो अधिक है, लेकिन बढ़ती महंगाई सभी के लिये संकट है। कच्चे माल पर भी लगातार महंगाई बढ़ी है। जिससे मार्केट पर भी इसका असर पड़ेगा। प्रोडक्शन में अतिरिक्त खर्च तो आयेगा ही जिससे प्रोडक्ट के दाम भी बढ़ेंगे।
स्कूलों के खुलने से भी बढ़ा कारोबार
सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज सिंघल ने बताया कि पिछले दो साल के बाद स्पोर्ट्स मार्केट में अच्छी रौनक है। खूब भीड़ खरीदारी के लिये आ रही है। आईपीएल शुरू होने का असर भी पड़ा है, लेकिन सबसे अधिक असर स्कूल और कॉलेज खुलने का मार्केट पर पड़ा है। आईपीएल के शुरू होने से खेल मैदानों में खूब भीड़ जा रही है और स्कूल, कालेज खुलने से खेल भी अधिक हो रहे हैं।
जिससे मार्केट में खेल उपकरणों की खूब बिक्री हो रही है। पिछले दो साल से कोरोना के चलते खेल गतिविधियां लंबे समय तक बंद रही थी, लेकिन इस साल मार्केट बेहतर है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है। पिछले दो सालों का नुकसान इस साल पूरा हो सकता है। क्रिकेट वर्ल्ड कप व अन्य बड़े कई इवेंट इसी साल होने हैं, जो खेल बाजार को बड़ी राहत मिलेगी और साथ-साथ ही खेल उद्योग को भी संजीवनी के तौर पर काफी हद तक राहत मिलेगी।

