नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में थकान महसूस होना या कुछ बालों का झड़ना आम बात मानी जाती है। ज़्यादातर लोग इसे काम के दबाव, तनाव, या पोषक तत्वों की कमी का नतीजा मानकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। लेकिन अगर आप पर्याप्त नींद लेने के बावजूद हमेशा थके हुए, सुस्त और ऊर्जा हीन महसूस करते हैं, और साथ ही आपके बाल सामान्य से अधिक झड़ने लगे हैं, तो यह केवल एक सामान्य शारीरिक प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ये दोनों लक्षण एक साथ दिखना शरीर में पनप रही एक गंभीर बीमारी थायराइड का शुरुआती संकेत हो सकता है। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें आपकी तितली के आकार की थायराइड ग्रंथि पर्याप्त हार्मोन का उत्पादन नहीं कर पाती, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है। इसलिए आइए जानते है थायराइड के शुरुआती लक्षणों के बारे में, साथ ही इससे जुड़ी सावधानियों के बारे में भी जानेंगे।
थकान और बाल झड़ने के लक्षण क्यों होते हैं?
थायराइड ग्रंथि हमारे शरीर के मेटाबॉलिज्म, यानी ऊर्जा बनाने और उपयोग करने की प्रक्रिया को नियंत्रित करती है। थायराइड की समस्या दो तरीके से हो सकती है, पहला हाइपरथायराइडिज्म (ओवरएक्टिव थायराइड) और दूसरा हाइपोथायरायडिज्म (अंडरएक्टिव थायराइड)।
जब हाइपोथायरायडिज्म की स्थिति होती है तो हार्मोन कम बनते हैं, जिससे शरीर की ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, यही वजह है कि व्यक्ति को हर समय अत्यधिक थकान और सुस्ती महसूस होती है। इसके अलावा थायराइड हार्मोन बालों के रोम के विकास और रखरखाव के लिए भी जरूरी हैं। हार्मोन की कमी से बालों का विकास चक्र बाधित होता है, जिससे बाल सूखे, बेजान होकर तेजी से झड़ने लगते हैं।
लक्षण
थकान और बालों के झड़ने के अलावा, हाइपोथायरायडिज्म के कुछ और भी लक्षण हैं जिन पर ध्यान देना जरूरी है-
मेटाबॉलिज्म धीमा होने के कारण वजन बढ़ने लगता है।
शरीर की गर्मी पैदा करने की क्षमता कम हो जाती है।
त्वचा में रूखापन और पाचन क्रिया धीमी होने से कब्ज की समस्या।
यह हार्मोन मूड और दिमागी कार्यप्रणाली को भी प्रभावित करता है।
किन लोगों को है अधिक खतरा?
थायराइड की समस्या पुरुषों की तुलना में महिलाओं में कहीं अधिक आम है, खासकर 30 की उम्र के बाद। यदि आपके परिवार में किसी को थायराइड की समस्या रही है, तो आपको भी इसका खतरा अधिक हो सकता है। इसके अलावा ऑटोइम्यून बीमारियां और शरीर में आयोडीन की कमी की वजह से भी थायराइड का जोखिम बढ़ जाता है।
लगातार थकान और बालों के झड़ने पर क्या करें?
यदि आप लगातार थकान और बालों के झड़ने के साथ-साथ ऊपर दिए गए किसी भी लक्षण का अनुभव कर रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति आपको तुरंत एक डॉक्टर से मिलना चाहिए। एक साधारण ब्लड टेस्ट (TSH टेस्ट) से थायराइड की समस्या का आसानी से पता लगाया जा सकता है। समय पर पहचान और सही दवा से इस स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित किया जा सकता है और आप एक स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।

