- 6 मई को मौलाना मरहूम की रिपोर्ट आई थी कोरोना पॉज़िटिव
- हालत बिगड़ने पर बीते मंगलवार को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में किए गए थे भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
देवबन्द: देश में मुसलमानों के सबसे बड़े संगठन जमीयत उलेमा ए हिन्द (महमूद गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इस्लामिक शिक्षा के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम देवबन्द के कार्यवाहक मोहतमिम मौलाना क़ारी उस्मान मंसूरपुरी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 76 साल के थे। कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद मौलाना को बीते मंगलवार को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। मौलाना के निधन की खबर से इस्लामिक जगत में शोक की लहर है।
बीती छह मई को नजला, जुकाम, कमजोरी, सांस लेने में परेशानी और ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण मौलाना कारी उस्मान मंसूरपुरी का कोरोना टेस्ट कराया गया था। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तभी से वह होम आइसोलेट थे और माहिर चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा था। लेकिन बीते मंगलवार को तबीयत ज़्यादा खराब होने पर उन्हें चिकित्सकों के मशवरे के बाद गुडग़ांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान मौलाना मंसूरपुरी का शुक्रवार को निधन हो गया। मौलाना के इन्तिक़ाल की खबर से इस्लामिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम मुफ़्ती अबुल क़ासिम नोमानी समेत उलेमा देवबन्द ने मौलाना के इन्तिक़ाल को बड़ा नुकसान क़रार देते हुए उनके लिए दुआए मग़फ़िरत की है।

