- कहा-भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश को लठमार शासन दिया है
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा/मेरठ: कंकरखेड़ा (मेरठ) और सिवालखास के रोहटा में रालोद के राष्टÑीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश को लठमार शासन दिया है, जबकि हमें संवेदनशील और समस्याओं से मुक्त शासन चाहिए था।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कितना पिछड़ापन हो गया है। यहां के हालात जनता से पूछ कर देखो। इस समय केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। लेकिन भाजपा ने वादे तो बड़े किए धरातल पर सपने साकार नहीं हो सके, जिस वजह से प्रदेश की जनता भाजपा से खफा होती जा रही है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को कहा कि अपनी ताकत का एहसास करो। हनुमान जी की तरह अपनी ताकत को याद करो और मतदान करके सरकार को बदल दो। यह बात राष्ट्रीय लोक दल के मुखिया जयंत चौधरी ने कैंट विधानसभा प्रत्याशी मनीषा अहलावत के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अपनी ताकत को याद करो। जिस तरह हनुमान जी अपनी ताकत को भूल गए थे। हमें भी अपनी ताकत याद नहीं रही थी।
अब किसान आंदोलन के माध्यम से आपने सरकार को भी अपनी ताकत का एहसास करा दिया है। जिस तरह एकजुटता बनी है यह सब श्रेय किसान आंदोलन को जाता है। किसान 13 महीने सड़कों पर रहे। अब मुख्यमंत्री कहते हैं कि बहुत गर्मी है मुजफ्फरनगर और शामली में। मुख्यमंत्री की बात पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा देख लो मौसम साफ हो गया है और मेरठ और आसपास के क्षेत्र में गर्मी साफ दिखाई दे रही है।
आंदोलन की हिम्मत नहीं जुटा पायेंगे: जयंत
रालोद मुखिया जयंत चौधरी कैंट विधानसभा प्रत्याशी मनीषा अहलावत के चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे तो उन्होंने बार-बार लोगों को आगाह किया। एकता दिखाओ यदि आज एकता नहीं दिखा पाए तो इसकी गाज आप पर ही गिरनी है। उन्होंने भविष्य का डर भी दिखाया और कहा जिस तरह से आंदोलन करके इस बार उत्साह बढ़ा है। यदि गठबंधन की सरकार नहीं आई तो आगे आंदोलन की हिम्मत नहीं दिखा पाओगे। भाजपा सरकार राष्ट्रद्रोह के तहत कार्रवाई करेगी और वह गाज भी आप सब लोगों पर गिरेगी। इसलिए अब समय है एकता दिखाने का और गठबंधन को एकजुट होकर जिताओ।

