जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अक्तूबर-नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू ने बुधवार को प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जदयू ने पहली सूची में ही 115 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं।
लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय को परसा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, ललन पासवान को चेनारी से और सीमा भारती रूपौली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी।

पहले चरण के लिए आठ अक्तूबर को नामांकन की आखिरी तारीख है। जदयू ने उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी कर दी है। मंगलवार को सीट बंटवारे के औपचारिक एलान के बाद जदयू के खाते में 115 सीट आए हैं, पार्टी ने अपने कोटे से सात सीटें हम को दी हैं।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस मौके पर उन्होंने नीतीश सरकार के कामों का बखान भी किया। हालांकि, इस बार जदयू ने बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को टिकट नहीं दिया है।

जदयू के प्रधान महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि हमने ने जो 115 उम्मीदवारों की सूची तैयार की है, उसमें सभी वर्ग और समाज के लोगों को जगह दी गई है।
इस बार नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है। महिलाओं की काफी भागीदारी है। यह पूरी सोच हमारे नेता के समावेशी सोच का नतीजा है।
पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के लिए जारी अधिकृत प्रत्याशियों की सूची
👇👇👇 pic.twitter.com/lNES16VrZu— Janata Dal (United) (@Jduonline) October 7, 2020
बता दें कि कोविड-19 महामारी के चलते बिहार में इस बार तीन चरणों में चुनाव आयोजित होगा। पहले चरण का मतदान 28 अक्तूबर को होगा वहीं दूसरे चरण का मतदान तीन नवंबर और तीसरे व अंतिम चरण का मतदान सात नवंबर को होगा। मतगणना 10 नवंबर को की जाएगी। महामारी के कारण चुनाव आयोग ने सुरक्षित चुनाव के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इससे पहले 243 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे बिहार चुनाव के लिए भाजपा और जदयू के बीच सीट बंटवारे का औपचारिक एलान मंगलवार को किया गया।
इसके अनुसार जदयू 122 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी वहीं, भाजपा 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जदयू अपने कोटे से जीतनराम मांझी की पार्टी हम को सात सीटें देगी। वहीं, भाजपा ने अपने कोटे से मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को 11 सीट देने की घोषणा की है।

