- सोतीगंज में कई दुकानें खुलने पर पुलिस ने कराई बंद हंगामा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोतीगंज के कबाड़ियों ने अब अपनी दुकानों पर बेगुनाही के पोस्टर लगा दिए है। जिसमें लिखा है कि वह जीवन में कभी कबाड़ नहीं बेचेगें और न ही खरीदेंगे। ऐसे पोस्टर लगाने के बाद कुछ कबाड़ियों ने रविवार को अपनी दुकानें खोल दी। दुकानें खुलने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानें बंद करा दी। जिसको लेकर दुकानदारों ने वहां हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस ने उच्चाधिकारियों से बात करने के बाद ही दुकानें खोलने की अनुमति दी।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देश पर सोतीगंज मार्केट को पूरी तरह बंद करा दिया गया था। साथ ही निर्देश दिए थे कि वह हिस्ट्रीशीटरों के टिकानों के बारे में पता दें। सोतीगंज मार्केट बंद होने से सैकड़ों परिवार सड़क पर आ गए है। हालांकि इस संबंध में व्यापार संघ भी पुलिस अधिकारियों से सोतीगंज मार्केट को खुलवाने की मांग कर चुका है, लेकिन उच्चाधिकारियों ने बिना शपथ पत्र दिए एक भी दुकान को खुलने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
हालांकि रविवार को कुछ दुकानदारों ने दुकानों पर अपनी बेगुनाही के पोस्टर लगाकर दुकानें खोल दी। कबाड़ियों ने पोस्टर पर लिखा है कि वह भविष्य में कभी कबाड़ का माल नहीं खरीदेंगे और न ही बेचेगें। यदि कोई मार्केट में चोरी का कबाड़ बेचता है तो वह उसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को देगा। ऐसे पोस्टर लगाकर रविवार को करीब दो दर्जन दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल ली।
सोतीगंज में दुकानें खुलने की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानें बंद कराने लगे। लेकिन कबाड़ियों ने दुकानें बंद कराने का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों की अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए सभी दुकानें बंद करा दी। जिसके बाद काफी देर तक सोतीगंज के कबाड़ियों में गहमागहमी होती रही।

